Jabalpur News: मैट्रिमोनियल साइट पर प्यार का जाल, शादी का झांसा देकर युवतियों को फंसाता था शातिर, बेंगलुरु से गिरफ्तार
जबलपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
Jabalpur News: मेट्रोमोनियल साइट पर अगर आप जीवन साथी ढूंढ रहे हैं, तो सावधान हो जाइए क्योंकि यहां न केवल आपको ठगा जा सकता है बल्कि आपकी मान सम्मान को भी ठेस पहुंच सकती है. जबलपुर पुलिस ने बेंगलुरु से एक ऐसे शातिर अपराधी को दबोचा है, जो गिरगिट की तरह नाम और सरकारी दस्तावेज बदल लेता था. बिहार के रहने वाले आरोपी के पास से पुलिस को अलग-अलग नाम वाले फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस मिले हैं. यह बहुरूपिया बड़ी ही चालाकी से देश के अलग-अलग राज्यों की सीधी-सादी युवतियों को प्रेम जाल में फंसाता था और उनसे शादी के झूठे वादे करता था.
आरोपी शादी का झांसा देखर किया दुष्कर्म
इस शातिर अपराधी का शिकार बनी जबलपुर की एक युवती, जिसने मार्च 2026 में इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. शादी डॉट कॉम पर खुद को ‘आदित्य सिंह’ नाम का बड़ा बिजनेसमैन बताकर आरोपी ने युवती का भरोसा जीता. इसके बाद वह जबलपुर के होटलों में उसे ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया. गंदा खेल यहीं खत्म नहीं हुआ.
लाखों रुपये वसूलने के लिए ब्लैकमेलिंग शुरू की
आरोपी ने चुपके से युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए और फिर व्हाट्सएप कॉल के जरिए लाखों रुपये ऐंठने के लिए ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी. लोक-लाज के डर से पीड़ित ने शुरुआत में सब छुपाया, लेकिन पानी सिर से ऊपर जाने पर उसने हिम्मत जुटाकर अपने परिवार को सच बताया.
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
कहानी में ट्विस्ट तब आया जब रेलवे पुलिस (GRP) ने पहले इसे कटनी स्टेशन पर पकड़ा था, लेकिन तब केवल फोटो और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आने की वजह से इसे नोटिस देकर छोड़ दिया गया. बाद में जब पीड़ित ने मई 2026 में दोबारा महिला थाने पहुंचकर पूरी सच्चाई बताई, तो पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 319 के तहत मामला दर्ज किया.
जांच में क्या पता चला?
जांच में पता चला कि आरोपी का मोबाइल नंबर और आधार दोनों फर्जी थे. यही नहीं, आरोपी पहले से शादीशुदा हैं और साल 2022 में गोराबाजार थाने के एक ऐसे ही मामले में इसकी पत्नी ‘रेणू’ भी इसकी सह-आरोपी थी.आखिरकार साइबर सेल की मदद से पुलिस ने जाल बिछाया और बेंगलुरु में छिपे इस शातिर को दबोचकर ट्रांजिट रिमांड पर जबलपुर ले आई.