मुरैना में दादा ने 4 साल की पोती को बनाया हैवानियत का शिकार! घर में अकेला पाकर वारदात को दिया अंजाम, आरोपी फरार
सांकेतिक तस्वीर.
Morena News: (मनोज शर्मा की रिपोर्ट) रिश्तों को कलंकित और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला जौरा थाना क्षेत्र से सामने आया है. यहां एक कलयुगी बाबा (दादा) ने अपनी ही 4 वर्षीय मासूम नातिन के साथ हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और सनसनी का माहौल है.
अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मामला जौरा थाना अंतर्गत ग्राम पन्नू का पुरा का है. बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले मासूम बच्ची की मां की डिलीवरी होनी थी, जिसके कारण वह अस्पताल में भर्ती थी. घर पर मां की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर सगे दादा ने अपनी ही 4 साल की पोती/नातिन को अपनी हवस का शिकार बना डाला.
मां घर लौटी तो खुला खौफनाक राज
खौफनाक सच का खुलासा तब हुआ, जब मां डिलीवरी के बाद नवजात शिशु को लेकर अस्पताल से घर लौटी. मां ने देखा कि उसकी 4 साल की मासूम बेटी को लगातार ब्लीडिंग (रक्तस्राव) हो रही है और वह अत्यंत पीड़ा में है. घबराए परिजन तुरंत बच्ची को डॉक्टर के पास ले गए. जब डॉक्टरों ने बच्ची का परीक्षण किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. डॉक्टरों ने साफ तौर पर बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि की.
“बाबा ने मेरे साथ गंदा काम किया…”
जब डरी-सहमी मासूम बच्ची से उसकी मां ने प्यार से पूछताछ की, तो बच्ची ने रोते हुए अपनी तोतली जुबान में जो बताया उसे सुनकर मां का कलेजा फट गया. बच्ची ने बताया कि उसकी मां की अनुपस्थिति में उसके सगे बाबा ने ही उसके साथ यह गलत काम (दुष्कर्म) किया था.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे 6 जून को जिला चिकित्सालय मुरैना लेकर पहुंचे. मामला बेहद गंभीर और पुलिस केस से जुड़ा होने के कारण ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय जौरा पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंची और पीड़ित बच्ची की मां व अन्य परिजनों से पूछताछ की. परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने तत्काल देहाती नालसी कायम कर जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: MP News: मुरैना में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे रेत माफिया, चंबल में रातभर चला अवैध खनन
पन्नू का पुरा निवासी एक 4 वर्षीय बच्ची के साथ उसके बाबा द्वारा दुष्कर्म किए जाने की शिकायत बच्ची की मां द्वारा दर्ज कराई गई है. फिलहाल जिला चिकित्सालय में बच्ची का इलाज जारी है और डॉक्टरों की देखरेख में उसका मेडिकल कराया जा रहा है. पुलिस ने देहाती नालसी दर्ज कर ली है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी बाबा की तलाश में टीमें रवाना कर दी गई हैं. जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा.