Sagar: मध्य प्रदेश के सागर में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक के बाद एक करीब 10 लोगों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक इन सभी की मौत दूषित शराब के सेवन से हुई है, इसकी पुष्टि सागर पीआरओ द्वारा की जा चुकी है. मामला सागर जिले की बंडा विधानसभा के अंतर्गत आने वाले 4 गांवों का है. मौके पर प्रसाशन के तमाम अधिकारी मौजूद हैं. इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं जिनका इलाज सिविल अस्पताल में जारी है. मामले में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
प्रशासन की अपील
इस हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील कि है कि जिन लोगों ने भी बीते 24 या 48 घंटों में शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, बुखार, सिरदर्द, घबराहट या धुंधलापन महसूस हो रहा है. वे एहतियात के तौर पर बिना देरी किए तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी स्क्रीनिंग कराएं. हालांकि डॉक्टरों की टीम ने भी आस पास के गांवों में पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग भी शुरू कर दी है.
सीएम मोहन यादव ने दिए कड़े निर्देश
इस मामले पर सीएम मोहन यादव का भी बयान सामने आया है. उन्होंने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही आरोपियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई होने की बात कही है. सीएम ने साफ कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं जाएगी.
इस घटना के बाद प्रशासन ने एहतिहातन तौर पर बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर, बरायठा की दुकानें सील की गईं हैं. इसके साथ ही यहां मौजूद सभी दुकानों सैंपलिंग भी जारी है. प्रशासन ये पता लगाने की कोशिश में जुटा की आखिर इतनी बड़ी मात्रा में दूषित शराब कहां से आई?
आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा- डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा
प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी दुख जाहिर करते हुए कहा है कि सरकार इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी. मेरी गहरी संवेदनाएं प्रभावित जन के साथ हैं. मैंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से विस्तृत जानकारी ली है. हादसे के पीछे कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.
ये भी पढ़ें: सागर में 10 लोगों की संदिग्ध मौत से हड़कंप, दूषित शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने की आशंका
