Seoni Couple Threatening Case: सिवनी धमकी कांड मामले में सीएम मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लिया है. ASP, एसडीओपी समेत 6 पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है. पुलिस अधिकारियों पर गांजा रखकर फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगा था. इसके बाद सभी को निलंबित कर दिया है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी शेयर की है. डीजीपी कैलाश मकवाना ने पहले ही एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी के निलंबन का प्रस्ताव सरकार के भेजा था.
पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर ASP, SDOP सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ कर्तव्यों के निर्वहन की अपेक्षा है। कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 18, 2026
विधायक ने सीएम को पत्र लिखकर की थी कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल होने के बाद सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर एएसपी दीपक मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी. विधायक ने कहा था कि पुलिस का व्यवहार संवेदनशील होना चाहिए और अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई करना पुलिस का मुख्य कार्य होना चाहिए.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के बाबरिया रोड पर स्थित होटल सिद्धार्थ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था. इस वीडियाे में एडिशनल पुलिस अधीक्षक (ASP) दीपक मिश्रा, टीआई सतीश तिवारी, और अन्य पुलिसकर्मी होटल में पहुंंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद एक कपल को एसपी दीपक मिश्रा ने धमकाते हुए कहा कि इनके माता-पिता को फोन लगाकर यहां बुलाओ और दोनों की शादी करा दो. जब कपल इस बात से इनकार करते हैं तो एएसपी उनको धमकाते हुए कहते हैं कि इनके बैग में गांजा रख दो और केज दर्ज करके इस होटल को भी सील कर दो.
वहीं इस मामले में होटल मालिक संजू सनोडिया ने भी आरोप लगाया है कि टीआई सतीश तिवारी और एसडीओपी पैसों की मांग करते हैं. मैंने पुलिस अधिकारियों को एक बार 10-10 हजार रुपये के लिफाफे भी दिए हैं. इसके साथ ही टीआई सतीश तिवारी कम पैसे मिलने और अब ज्यादा पैसे देने की बात करते हैं. संजू का कहना है कि उन्होंने यश मेश्राम को होटल किराए पर दिया है पुलिसकर्मी उसे भी परेशान करते हैं.
