Vistaar NEWS

धार में पति-पत्नी के बीच आने वाले प्रेमी की हत्या, पार्टी में बहाने से बुलाया था; पहले गला घोंटा फिर पत्थर से सिर कुचल दिया

Symbolic picture.

सांकेतिक तस्वीर.

Input- जफर अली

MP News: धार जिले के पीथमपुर के सागौर थाना क्षेत्र में एक युवक के अंधे कत्ल का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है, जहां आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने यह हत्या त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और बदले की भावना की वजह से होना बताया है.

27 अप्रैल को मिला था शव

दरअसल 27 अप्रैल को गुलाब पटेल के खेत के पास गुलझिरी नाला ग्राम कुजरोद में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था. शव करीब 3-4 दिन पुराना और पूरी तरह सड़ी हुई हालत मिला था. जिसके बाद पुलिस मृतक की पहचान में जुटी थी.

पुलिस जांच और सोशल मीडिया की मदद से मृतक की पहचान उमरबन के रहने वाले 26 साल के संजय भुरिया के रूप में उसके परिजनों ने की. जिसके बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसमें पता चला कि संजय का गला घोंटा गया था और सिर पर भी गंभीर चोटें थीं. जिसके बाद पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच में जुटी.

फोन पर करता था पत्नी से बात

जांच के दौरान पुलिस ने शक के आधार पर अजय मालीवाड को हिरासत में लिया. पूछताछ में अजय ने बताया कि वह और उसकी पत्नी इंदौर में मजदूरी करते थे, वहीं उसकी दोस्ती संजय से हुई थी. इस बीच संजय ने अजय की पत्नी से फोन पर बातचीत कर पहले दोस्ती की, फिर प्रेम करने लगा. जब अजय अपनी पत्नी के साथ गांव कुंजरोद लौट आया, तब भी संजय उसकी पत्नी को फोन करता रहता था. अजय ने पहले संजय को पत्नी से बातचीत करने से मना किया, फिर भी मृतक संजय फोन करता था. जो पति अजय को अच्छा नहीं लगा और वो आक्रोशित हो गया.

पार्टी के बहाने पत्नी के प्रेमी को बुलाया

23 अप्रैल को अजय की बहन की शादी मेंहदी का कार्यक्रम था. उस दिन भी मृतक संजय ने अजय की पत्नी को कई बार कॉल किया. जिसके बाद आरोपी अजय ने अपने दोस्त सोहन डावर के साथ मिलकर संजय की हत्या करने की योजना बनाई. अजय ने संजय को शराब पीने और नाचने-गाने के बहाने गांव बुलाया. जब संजय अपनी बाइक से उकाला बयड़ी के पास पहुंचा, तो दोनों आरोपी पहले से वहां मौजूद थे, जो संजय को खेत पर ले गए और गमछे से उसका गला घोंट दिया. जिसके बाद भी अजय का गुस्सा कम नहीं हुआ और उसने संजय की मौत पक्की करने के लिए दोस्त के साथ मिलकर पत्थर से संजय का सिर कुचलकर हत्या कर दी.

मृतक की बाइक पर ही लादकर शव को सूखे नाले में फेंका

हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए आरोपी शव को मृतक की ही बाइक पर लादकर गुलाब पटेल के खेत के पास ले गए और सूखे नाले में फेंक दिया था. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही हैं.

अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर बेहतरीन काम के लिए पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को नकद इनाम देने का ऐलान किया है.

ये भी पढे़ं: MP में इंजीनियर और दो पटवारी खड़े-खड़े सस्पेंड, ग्रामीणों की शिकायत के बाद कलेक्टर अधिकारियों से बोले- घर जाइए

Exit mobile version