Ujjain: कनाडा में गुरकीत सिंह की हुई थी मौत, 2 अप्रैल को उज्जैन लाया जाएगा पार्थिव शरीर

Ujjain: कनाडा में हुए विवाद के बाद उज्जैन के युवक गुरकीत सिंह मनोचा की मौत के मामले में परिजनों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है.
Gurkeerat manocha

गुरकीत सिंह

Ujjain: कनाडा में हुए विवाद के बाद उज्जैन के युवक गुरकीत सिंह मनोचा की मौत के मामले में परिजनों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. केंद्र सरकार हस्तक्षेप के बाद अब गुरकीत का पार्थिव शरीर 2 अप्रैल को उज्जैन लाया जाएगा.

कनाडा में मैनेजमेंट की पढ़ाई करने गया था

जानकारी के अनुसार गुरकीत सिंह मनोचा कनाडा में मैनेजमेंट की पढ़ाई करने गया था. 11 मार्च को उसका कॉलेज के कुछ छात्रों से विवाद हो गया था. इस दौरान आरोप है कि छात्रों ने उस पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 14 मार्च को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

परिजन लगातार प्रयास कर रहे थे

घटना के बाद परिजन लगातार प्रयास कर रहे थे कि गुरकीत का शव भारत लाया जा सके, लेकिन कनाडा प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए शव सौंपने से इनकार कर दिया था. कनाडा सरकार के अनुसार, जांच पूरी होने तक शव परिजनों को नहीं दिया जा सकता था, जिससे परिवार गहरे सदमे और परेशानी में था.

जनप्रतिनिधियों ने इसे गंभीरता से लिया

मामला मीडिया में आने के बाद जनप्रतिनिधियों ने इसे गंभीरता से लिया और केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की. उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया ने विदेश मंत्रालय से संपर्क साधा. विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भारतीय दूतावास द्वारा लगातार इस मामले की मॉनिटरिंग की गई.

सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि..

सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि यह घटना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और दूतावास के प्रयासों से अब कनाडा की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और 2 अप्रैल को गुरकीत का पार्थिव शरीर उज्जैन लाया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि शव को भारत लाने में आने वाला पूरा खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी, ताकि पीड़ित परिवार पर कोई आर्थिक बोझ न पड़े.

ये भी पढ़ें: MP News: गेहूं किसानों के लिए खुशखबरी… इन संभागों में 1 अप्रैल से शुरू होगी खरीद, मिलेगा ₹40 प्रति क्विंटल बोनस

ज़रूर पढ़ें