MP Weather: कहीं 9°C की ठंड तो कहीं 34°C पहुंचा तापमान, एमपी में अगले 24 घंटे में बारिश-आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

MP Weather: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है. प्रदेश के शहरों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं. आइए जानते है आज के मौसम का हाल
MP Weather news

MP Weather news

MP Weather: साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है. एक तरफ खंडवा में तापमान 34°C पहुंच गया है वहीं दूसरी तरफ खजुराहो में तापमान 9°C तक गिर चुका है. पिछले दो दिनों से प्रदेश में बारिश का दौर भी जारी है. बुंदेलखंड में कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई है. उज्जैन, मंदसौर समेत कई जिलों में भी ओले गिरे. मौसम विभाग की तरफ से अगले 24 घंटो के दौरान ग्वालियर, सागर, रीवा और आसपास के जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

गरज-चमक के साथ पड़ सकती हैं बौछारें

IMD के अनुसार इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. साथ ही कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं. हालांकि अभी तक 21,22 फरवरी को लेकर किसी भी तरह का अलर्ट नहीं है लेकिन 23-24 फरवरी को फिर से बारिश की संभावना जताई जा रही है. पिछले 24 घंटों में धार, श्योपुर, शिवपुरी, इंदौर, आगर-मालवा, उज्जैन, राजगढ़, खरगोन, मुरैना, सीहोर, दतिया, ग्वालियर, भोपाल, गुना, रतलाम, बड़वानी, मंदसौर, शाजापुर, राजगढ़, देवास, विदिशा, अशोकनगर, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर में बारिश हुई है.

ये है बड़े शहरों का हाल

अगर राजधानी भोपाल की बात करें तो शहर का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इंदौर में पारा 28.6 डिग्री तक पहुंचा, जबकि रात का तापमान 15.2 डिग्री रहा. जबलपुर में 29.1 डिग्री अधिकतम और 14.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा. उज्जैन में अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों के ये आकंड़े एकदम सरप्राइज करने वाले हैं. प्रदेश में कहीं पर ठंड बढ़ रही है तो कहीं पर गर्मी और कहीं पर बारिश भी अपना योगदान दे रही है.

मौसम की मार से टूटा किसान

ऐसे में बीमार पड़ने का सबसे ज्यादा खतरा रहता है. साथ ही ये मौसम किसानों कि फसलें भी तबाह कर देता है. बीते दिन इंदौर, उज्जैन, सीहोर, बड़बानी, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, रतलाम सहित आसपास के जिलों में बारिश के साथ ओले पड़ने से गेहूं, अफीम, चना, सरसों, प्याज सहित अन्य फसलें खराब हो गईं हैं.

ज़रूर पढ़ें