Vistaar NEWS

Bhopal: हमीदिया अस्‍पताल के पास देर रात जुटे मुस्लिम समाज के लोग, MLA ने दी समझाइश, शहर के एक होटल में पकड़ाया था युवक

The Muslim community gathers outside Hamidia Hospital in Bhopal.

भाेपाल में हमीदिया अस्‍पताल के बाहर जुटा मुस्लिम समाज

Bhopal News: भोपाल में होटल विवाद को लेकर मंगलवार देर रात माहौल तनावपूर्ण हो गया. हमीदिया अस्पताल के पास रात करीब 11 बजे मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग जमा हो गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को 24 घंटे की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भोपाल बंद किया जाएगा. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने अस्पताल के गेट अस्थायी रूप से बंद कर दिए और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई.

भारी पुलिस बल के बीच नेताओं ने संभाला मोर्चा

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस ने हमीदिया अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में बेरिकेडिंग कर निगरानी बढ़ा दी. देर रात विधायक आतिफ अकील और आरिफ मसूद भी मौके पर पहुंचे. दोनों नेताओं ने लोगों को शांत रहने की अपील की और समझाइश देकर भीड़ को हटाने की कोशिश की. हालांकि रात 12 बजे के बाद तक बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे.

होटल में युवक के साथ मारपीट का आरोप

दरअसल, रविवार को गौतम नगर इलाके स्थित एक होटल में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने एक युवक और युवती को पकड़ा था. आरोप है कि मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की गई, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर लगाया गया और बाद में उसे गोविंदपुरा पुलिस के हवाले कर दिया गया. इस घटना के बाद से मुस्लिम समाज में नाराजगी बनी हुई है.

आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल पर बढ़ा आक्रोश

मंगलवार को बड़ी संख्या में समाजजन काजियात क्षेत्र में एकत्र हुए. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि युवक के साथ मारपीट के दौरान आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं. शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने भी लोगों को संबोधित करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.

युवती ने युवक के पक्ष में दिया बयान

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह पिछले करीब पांच साल से युवक आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है. उसने साफ कहा कि वह युवक के खिलाफ किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती. युवती के मुताबिक दोनों होटल में मिलने पहुंचे थे क्योंकि उसके रहने वाले स्थान पर बाहरी लोगों की एंट्री की अनुमति नहीं है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

ये भी पढे़ं- Bhopal News: पुलिसवालों के सस्पेंड होते ही सख्ती शुरू, 15 दिन में 29 लाख का चालान, महिलाओं को भी घंटों खड़ा रखा

Exit mobile version