Bhopal News: पुलिसवालों के सस्पेंड होते ही सख्ती शुरू, 15 दिन में 29 लाख का चालान, महिलाओं को भी घंटों खड़ा रखा
भोपाल पुलिस ने देर रात तक वाहनों की चेकिंग की.
Bhopal News: राजधानी भोपाल में SI समेत 5 पुलिसवालों के सस्पेंड होते ही अब पुलिस प्रशासन ने सख्त रवैया अख्तियार कर लिया है. हेलमेट अभियान के आखिरी दिन भोपाल में पुलिस ने देर रात तक गाड़ियों की चेकिंग की. इस दौरान घंटो जाम लग गया. महिलाओं और युवतियों को भी रोक स्कूटी और कार की चेकिंग की गई. जिसके कारण लोगों को 2 घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ गई. हालांकि पिछले 15 दिनों में पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का पालन ना करने वाले लोगों से लगभग 29 लाख रुपये भी वसूले.
चेकिंग के नाम पर 2-2 घंटे रोककर रखा गया
आम लोगों का कहना है कि उन्हें चेकिंग के नाम पर घंटो रोका गया. भोपाल के जोन वन इलाके में लिंक रोड-1 पर पुलिस की चेकिंग के कारण 2-2 घंटे तक जाम लगा रहा है. महिलाओं और युवतियों को भी इसके कारण घंटो लाइन में रहना पड़ा. आलम ये था कि महिलाओं के परिजन ही उस जगह पर पहुंच गए, जहां पुलिस की चेकिंग की जा रही थी. देर रात तक पुलिस कई इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया. जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई.
लेकिन सवाल ये है कि हेलमेट चेकिंग अभियान तो 24 अप्रैल से 10 मई तक चलाया गया. लेकिन एक ही दिन में ऐसा क्या हो गया कि पुलिस ने लोगों को घंटो रोककर चेकिंग की. कहीं ये पुलिसवालों के सस्पेंड होने के बाद दिखावे की कार्रवाई तो नहीं थी, जिसका खामियाजा आम जनता को घंटों में लाइन में खड़ा होकर भुगतना पड़ा.
कमिश्नर ने किया था 5 पुलिसवालों को सस्पेंड
कुछ दिन पहले पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी लापरवाही करते पाए गए थे. इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने एक्शन लेते हुए टीटी नगर थाने के एक SI समेत 5 पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया था. चेकिंग करने वाले पुलिसकर्मी खुद ही सही से अपनी ड्यूटी नहीं निभा रहे थे. इसके बाद उनके ऊपर कार्रवाई की गई.
ये भी पढे़ं: MP Weather Update: बारिश का दौर खत्म होते ही बढ़ी गर्मी; रतलाम में पारा 45 डिग्री पहुंचा, 6 जिलों में लू का अलर्ट