Vistaar NEWS

MP News: स्कूल का रास्ता बना ‘नरक का द्वार’! पोरसा में बच्चे गंदगी से गुजरने को मजबूर, सड़क के लिए लोगों ने बुलंद की आवाज

Morena porsa nagar palika road school students difficulties

पोरसा: खराब सड़क बनी मुसीबत

MP News: (पोरसा से मनोज उपाध्याय की रिपोर्ट) एक तरफ सरकार स्वच्छ भारत मिशन के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावे कर रही है, वहीं मुरैना जिले की पोरसा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 स्थित पंडित दीनदयाल स्कूल वाली गली में हालात बद से बदतर बने हुए हैं. यहां पिछले दो वर्षों से गंदे नाले-नालियों का पानी सड़क पर भरा हुआ है. मासूम बच्चे उसी गंदगी से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं. स्थिति इतनी भयावह है कि रोजाना छोटे-छोटे बच्चे, छात्राएं और बुजुर्ग बदबूदार पानी में गिरते-पड़ते निकलते दिखाई देते हैं.

गंदगी से गुजरना बनी मजबूरी

सबसे हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग पर दो दर्जन से अधिक स्कूल और कोचिंग संस्थान संचालित हैं. जहां हर दिन सैकड़ों छात्र पढ़ने पहुंचते हैं. शिक्षा के मंदिर तक पहुंचने के लिए बच्चों को सीवर जैसी गंदगी से गुजरना पड़ रहा है. कई बच्चे फिसलकर गंदे पानी में गिर चुके हैं लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की संवेदनाएं मानो मर चुकी हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव और गंदगी के कारण पूरे क्षेत्र में बदबू का अंबार लगा रहता है. मच्छरों की भरमार से संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है. रहवासियों ने नगर पालिका में कई बार शिकायतें की , लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला. समस्या जस की तस बनी हुई है. अब लोगों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश दिखाई दे रहा है. नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.

ये भी पढ़ें: MP बोर्ड की 10-12वीं क्लास की आज से द्वितीय परीक्षा, CM मोहन यादव बोले- सपने कभी रुकते नहीं, सही मौके का इंतजार करते हैं

जल्द समाधान होगा – SEO

इस मामले में पोरसा नगर पालिका सीएमओ अवधेश सिंह सेंगर ने कहा कि रोड का टेंडर हो चुका है. इस विषय में हमारे पास भी शिकायत आई थी. आज ही इस समस्या का निराकरण कराते हैं. जहां भी जलभराव की स्थिति है, उसे खत्म कराया जाएगा.

Exit mobile version