Vistaar NEWS

असम-बंगाल चुनाव में MP पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी, 15 IPS और 4 हजार जवान तैनात, SAF की 40 कंपनी रवाना

Symbolic picture.

सांकेतक तस्वीर.

MP News: असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश पुलिस को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रदेश से करीब 4 हजार जवान और 15 आईपीएस अधिकारियों को तैनात किया गया है. ये सभी पहले असम में अपनी सेवाएं देंगे और वहां मतदान संपन्न कराने के बाद पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगे.

MP से SAF की 40 कंपनियां भेजी गईं

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में चुनाव की घोषणा के बाद मध्यप्रदेश से विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) की 40 कंपनियां भेजी गई हैं. प्रत्येक कंपनी में लगभग 90 से 100 जवान शामिल हैं. इस तरह कुल मिलाकर लगभग 4 हजार सशस्त्र जवान चुनाव ड्यूटी में लगाए गए हैं. जानकारी के मुताबिक, इन कंपनियों को इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर से विशेष ट्रेनों के माध्यम से रवाना किया गया. बुधवार तक सभी जवान असम पहुंच चुके हैं और वहां अपनी तैनाती संभाल ली है. असम में 9 अप्रैल को होने वाले मतदान के दौरान ये फोर्स सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी. मतदान संपन्न होने के बाद ईवीएम को सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी इन्हीं के पास रहेगी. इसके बाद यही फोर्स पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए तैनात की जाएगी.

AIG स्तर के अधिकारी भी ड्यूटी में शामिल

फोर्स के साथ वरिष्ठ अधिकारियों की भी तैनाती की गई है, ताकि जमीनी स्तर पर बेहतर समन्वय और निगरानी सुनिश्चित की जा सके. इनमें एआईजी टीके विद्यार्थी, कमांडेंट गुरुकरण सिंह, सुनील तिवारी, सिद्धार्थ चौधरी और संजीव सिन्हा शामिल हैं, जो पूरे अभियान की कमान संभालेंगे.

इन 10 आईपीएस की भी हुई तैनाती

इसके अलावा, मध्यप्रदेश के 10 आईपीएस अधिकारियों को विभिन्न राज्यों में चुनाव पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी भी दी गई है. इनमें अभय सिंह, इरशाद वली, सुशांत कुमार सक्सेना, डॉ. आशीष और कुमार सौरभ प्रमुख हैं. वहीं डीआईजी अमित सिंह, आशुतोष प्रताप सिंह, सिद्धार्थ बहुगुणा, कमांडेंट हितेश चौधरी और ओपी त्रिपाठी भी इस महत्वपूर्ण भूमिका में रहेंगे.

ये भी पढे़ं: मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर मंडला पहुंचीं मंत्री संपतिया उईके, नवजात बच्चे का नाम ‘मोहन यादव’ रखा

Exit mobile version