Vistaar NEWS

MP News: ड्रिप सिंचाई से बदली आलीराजपुर के किसान की किस्मत, निहाल सिंह ने मक्का छोड़ तरबूज से कमाए 1.65 लाख रुपये सालाना

Farmer Nihal Singh Bathu

किसान निहालसिंह बाथु

इनपुट- मनीष अरोड़ा

MP News: आलीराजपुर के कट्ठीवाड़ा विकासखंड के ग्राम मोरधी के उन्नतशील किसान निहालसिंह बाथु ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का लाभ लेकर खुद की तकदीर बदली है. वह बताते है कि पहले वे खेती के लिए पूरी तरह बारिश और पारंपरिक तरीकों पर निर्भर रहते थे. वह उनकी लगभग 0.80 हेक्टेयर जमीन पर मक्का उगाते थे. बहुत मेहनत करते थे, लेकिन पानी की कमी और सही तकनीक न होने के कारण उत्पादन कम ही होता था. साल भर की मेहनत के बाद करीब 20 क्विंटल मक्का ही मिलता था, जिससे उनकी कुल आमदनी लगभग 32,000 रुपये होती थी और खर्च निकालने के बाद हाथ में सिर्फ 7,000 रुपये ही बचते थे. ऐसे में परिवार का खर्च चलाना उनके लिए बहुत कठिन हो जाता था.

पीएम कृषि सिंचाई योजना के बारे में जानकारी मिली

इसी दौरान उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से मुलाकात होने पर उन्हें प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” के बारे में जानकारी मिली. शुरू में उन्हें योजना को लेकर थोड़ा संकोच था, लेकिन अधिकारियों के समझाने पर उन्होंने इस योजना का लाभ लेने का निर्णय लिया. उन्होंने खेत में ड्रिप सिंचाई सिस्टम लगाया, जिसकी कुल लागत 1,14,277 रुपये थी, जिसमें से 56,060 रुपये उन्हें अनुदान के रूप में मिला.

ड्रिप सिस्टम लगने के बाद हुआ मुनाफा

जब खेत में ड्रिप सिस्टम लगा, तब एहसास हुआ कि कम पानी में भी अच्छी खेती की जा सकती है. उन्होंने बहुत विचार कर हिम्मत करके मक्का की जगह तरबूज की खेती शुरू की और विभाग से मार्गदर्शन और तकनीक की जानकारी लेते रहे. अब उन्हें 0.80 हेक्टेयर जमीन से लगभग 200 क्विंटल तरबूज का उत्पादन हो रहा है. जिससे उनकी कुल आय बढ़कर 2,40,000 रुपये हो गई है और शुद्ध आय करीब 1,65,000 रुपये तक पहुंच गई है.

ये भी पढ़ें-PM मोदी ने जबलपुर क्रूज हादसे पर जताया दुख, मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान

आर्थिक स्थिति मजबूत हुई

इससे उनके घर की आर्थिक स्थिति पहले से काफी बेहतर हो गई है. बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जरूरतें अब आसानी से पूरी हो रही हैं. किसान निहालसिंह बाथु ने कहा कि सही मार्गदर्शन और सरकारी योजना का लाभ लेकर उनकी जिंदगी में सुधार हुआ है. उन्होंने योजना के लिए शासन का आभार व्यक्त किया. उक्त जानकारी उद्यानिकी विभाग द्वारा दी गई.

Exit mobile version