Vistaar NEWS

MP News: राज्यसभा चुनाव से पहले सियासत तेज, उमंग सिंघार बोले – विधायकों को तोड़ने और खरीदने की कोशिश हो रही

Umang Singhar (File Photo)

उमंग सिंघार(File Photo)

MP News: मध्य प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सत्ता हासिल करने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों से समझौता किया जा रहा है. उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस विधायकों को तोड़ने और खरीदने की कोशिश की जा रही है.

‘लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय’

सिंघार ने कहा कि जब विधायकों को तोड़ने मे सफलता नहीं मिल रही, तो उनके खिलाफ पुराने मामलों को सक्रिय कर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह स्थिति लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि 25 साल पुराने प्रकरण में सजा सुनाकर गिरफ्तारी की गई, जबकि दूसरी ओर पूर्व भाजपा विधायक नरोत्तम मिश्रा का पेड न्यूज मामला लंबे समय से लंबित है. इसे उन्होंने दोहरे मापदंड का उदाहरण बताया. सिंघार ने विजयपुर (श्योपुर) से विधायक मुकेश मल्होत्रा की सदस्यता समाप्त किए जाने और उन्हें राज्यसभा चुनाव में मतदान से वंचित करने पर भी सवाल उठाए. साथ ही सेमरिया विधायक अभय मिश्रा और भोपाल मध्य से विधायक आरिफ मसूद के पुराने मामलों को अचानक सक्रिय किए जाने को भी उन्होंने राजनीतिक दबाव की रणनीति बताया.

डराकर चुनाव जीतने की कोशिश

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जो विधायक सत्ता पक्ष के दबाव में नहीं आ रहे, उन्हें चुनाव प्रक्रिया से बाहर करने की साजिश रची जा रही है. यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग का उदाहरण है. उन्होंने कहा कि विधायकों को डराकर, सजा दिलाकर और सदस्यता समाप्त कर चुनाव जीतने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि जनता इन घटनाओं को देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी.

ये भी पढे़ं: धार भोजशाला मामले में 6 अप्रैल से होगी नियमित सुनवाई, HC ने कहा- पहले याचिकाकर्ताओं की दलीलें सुनी जाएंगीं

Exit mobile version