Mauganj: इंस्टाग्राम पर प्यार, छिपी रही पत्नी और चार बच्चे, सच सामने आया तो टावर पर चढ़ गया पति, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
टावर पर चढ़ा पति
MP News: मऊगंज जिले के देवतालाव में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा. घटना की जानकारी मिलते ही लौर थाना पुलिस, डायल-112 और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया. टावर पर युवक को देखकर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी
पुलिस के अनुसार टावर पर चढ़े युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सिकरारा निवासी 29 वर्षीय विकास चमार के रूप में हुई है. बताया गया कि वर्ष 2019 में उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से लौर थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदरी निवासी काजल कोल से हुई थी. बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदली और वर्ष 2023 में दोनों ने मुंबई में विवाह कर लिया. दोनों का एक वर्षीय बच्चा भी है तथा महिला वर्तमान में गर्भवती बताई जा रही है.
प्रेम कहानी में छिपा था बड़ा राज
इस रिश्ते में विवाद तब शुरू हुआ, जब काजल कोल को विकास की पहली शादी और चार बच्चों की जानकारी मिली. महिला का आरोप है कि विकास ने अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर उसे धोखे में रखा और विवाह किया. सच्चाई सामने आने के बाद दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा, जिससे संबंधों में तनाव बढ़ता चला गया.
महिला ने लगाए प्रताड़ना और धमकी के आरोप
काजल कोल ने आरोप लगाया है कि विकास उसके साथ मारपीट करता था, मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था और जान से मारने की धमकी देता था. घटना से एक दिन पहले महिला ने थाना लौर पहुंचकर लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी. शिकायत में पुलिस से सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी.
पत्नी मायके पहुंची तो पीछे-पीछे आया पति
जानकारी के मुताबिक काजल करीब दस दिन पहले मुंबई से अपने मायके गोंदरी आ गई थी. इसके बाद विकास भी देवतालाव पहुंच गया. पारिवारिक विवाद के बीच वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार करने लगा. कई घंटे तक चले समझाइश अभियान के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही.
पूछताछ में कबूला पहली पत्नी और चार बच्चों का सच
पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान विकास ने पहली पत्नी और चार बच्चों की बात स्वीकार की है. वहीं, काजल ने खुद को धोखे और प्रताड़ना का शिकार बताया है. दोनों पक्षों के आरोपों और शिकायतों के आधार पर पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
इलाके में चर्चा का विषय बना हाई वोल्टेज ड्रामा
प्रेम संबंध, दो विवाह, धोखे के आरोप और मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश ने इस पूरे मामले को क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना दिया है. सोशल मीडिया पर शुरू हुई प्रेम कहानी का यह विवादित अंत लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर रहा है. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जिससे इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके.