Mauganj News: शाहपुर थाना पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम राजाधौ के बधैया मोड़ से गौवंश से भरी पिकअप वाहन जब्त की है. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. वाहन में कुल 8 गौवंश पाए गए, जिन्हें सुरक्षित रूप से गौशाला भेज दिया गया.
मुखबिर की सूचना पर रात में पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार 21-22 अगस्त की दरमियानी रात थाना प्रभारी शाहपुर उपनिरीक्षक रामदीन सिंह पुलिस टीम के साथ देहात भ्रमण पर थे. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम राजाधौ के बधैया मोड़ पर गौवंशों को पिकअप वाहन में लोड कर तस्करी के लिए ले जाने की तैयारी की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची.
पिकअप में तिरपाल बांधते मिले आरोपी
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि पिकअप क्रमांक MP 17 G 4024 में गौवंश लोड किए गए थे और उनके ऊपर तिरपाल बांधा जा रहा था. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया. पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सलमान अंसारी पिता जुम्मन अंसारी, उम्र 30 वर्ष, निवासी घुरेहटा वार्ड क्रमांक 12, मऊगंज बताया.
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी से फरार व्यक्ति के संबंध में पूछताछ की गई, जिस पर उसने उसका नाम दीपक मिश्रा निवासी राजाधौ, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज बताया. पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.
तिरपाल खुला तो सामने आए 8 गौवंश
पुलिस ने पिकअप का तिरपाल खुलवाकर वाहन की जांच की तो उसमें कुल 8 गौवंश लोड मिले. इनमें 4 गाय, 3 बछड़े और 1 बछिया शामिल हैं. पुलिस ने सभी गौवंशों को वाहन से उतारकर सुरक्षित ग्राम रेहड़ा स्थित गौशाला पहुंचाया.
पिकअप जब्त, मामला दर्ज
मामले में थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 318/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने मध्यप्रदेश गौवंश प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 एवं 9 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. पुलिस ने गौवंश परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक MP 17 G 4024 को भी जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है.
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी शाहपुर उपनिरीक्षक रामदीन सिंह के नेतृत्व में की गई. कार्रवाई में सउनि यू.बी. सिंह, प्रधान आरक्षक 107 संतोष रावत, प्रधान आरक्षक 106 कुंजल रावत, प्रधान आरक्षक 66 कमलेश कुमार, प्रधान आरक्षक 31 निलेश तिवारी, आरक्षक 134 विनीत कुमार पाण्डेय, आरक्षक 27 मोहम्मद एजाज आलम एवं आरक्षक 154 पवन सिंह परिहार की सराहनीय भूमिका रही. पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 8 गौवंशों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि मामले में फरार आरोपी की तलाश और पूरे प्रकरण की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: ‘सेवा करते हुए बनाएं रील’, BJP ने युवाओं से की अपील, विनोद तावड़े बोले- राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज चलाएगी पार्टी
