Vistaar NEWS

Mp News: किसानों को बड़ी राहत! कलेक्ट्रेट में खुला अभिलेखागार, एक ही जगह मिलेंगे जमीन के पुराने रिकॉर्ड

mp news

mp news

Mp News: मऊगंज: मऊगंज के किसानों, भू-धारकों और आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब जमीन से जुड़े पुराने रिकॉर्ड और राजस्व अभिलेख हासिल करने के लिए लोगों को अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. मऊगंज जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में अभिलेखागार यानी रिकॉर्ड रूम का शुभारंभ कर दिया गया है. प्रशासन की इस पहल से जमीन संबंधी पुराने दस्तावेज एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगे.

अभिलेखागार का शुभारंभ

अभिलेखागार का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक बुखारिया ने किया. इस दौरान कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में पुराने राजस्व अभिलेखों के सुरक्षित और व्यवस्थित संरक्षण के साथ आम नागरिकों को उनकी आसान उपलब्धता पर जोर दिया गया। अब तक पुराने खसरा-खतौनी, राजस्व रिकॉर्ड और अन्य भूमि संबंधी दस्तावेजों के लिए लोगों को कई कार्यालयों में जाना पड़ता था. रिकॉर्ड तलाशने में समय लगने के कारण किसानों और भू-धारकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन अभिलेखागार शुरू होने के बाद जिला मुख्यालय पर ही रिकॉर्ड उपलब्ध होने की सुविधा मिलेगी.

अब कलेक्ट्रेट में ही मिलेंगे जमीन के पुराने रिकॉर्ड

इस सुविधा का सीधा लाभ उन लोगों को मिलेगा जिन्हें न्यायालयीन मामलों, नामांतरण, बंटवारा, ऋण, शासकीय योजनाओं या अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए पुराने भूमि अभिलेखों की जरूरत पड़ती है. रिकॉर्ड एक ही जगह मिलने से समय और धन की बचत होगी, वहीं संबंधित मामलों के निराकरण में भी तेजी आने की उम्मीद है. जिला न्यायाधीश विवेक बुखारिया ने अभिलेखागार को आमजन की सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था बताया. वहीं कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को सरल, सहज और समयबद्ध बनाना है.

उन्होंने अधिकारियों को अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण करने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत नागरिकों को रिकॉर्ड समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि अब भू-अभिलेख से जुड़े दस्तावेजों को प्राप्त करने में लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था को सुचारु बनाया जाएगा. पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने भी अभिलेखागार की स्थापना को नागरिक सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया.

ये भी पढ़ें:नेपाल में जल प्रलय के बाद PM Modi ने बालेन शाह को दिया मदद का भरोसा, बॉर्डर से सटे यूपी-बिहार के जिलों में खतरा

Exit mobile version