मऊगंज जिले के हनुमना में धार्मिक और सार्वजनिक स्थल पर प्रतिमाओं से तोड़फोड़ का मामला सामने आने के बाद नगर में आक्रोश का माहौल है. जानकारी के अनुसार अज्ञात लोगों ने केनवा तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर में स्थापित नंदी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके अलावा वार्ड-9 स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा से भी तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है. गांधी प्रतिमा पर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने की भी जानकारी सामने आई है.
घटना बीती रात की बताई जा रही है. पुलिस को सुबह घटना की सूचना मिली, जिसके बाद हनुमना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राजेश मेहता, एसडीओपी सचि पाठक सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा. प्रशासन ने क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं की मरम्मत के निर्देश दिए हैं.
पुलिस ने एक संदिग्ध को राउंडअप किया
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मऊगंज शशिकांत सरयाम ने बताया कि घटना बीती रात की है और पुलिस को इसकी सूचना सुबह मिली. इसके बाद हनुमना थाने में एफआईआर दर्ज कर संदिग्ध आरोपियों की तलाश शुरू की गई. पुलिस ने एक आरोपी को राउंडअप कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
पूर्व विधायक ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम, 01 आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने प्रशासन को 48 घंटे के भीतर कार्रवाई का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि कार्रवाई वास्तविक दोषियों के खिलाफ होनी चाहिए. पूर्व विधायक के शख्त तेवर बाद 01 आरोपी गिरफ्तार.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका सहित घटना के अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. प्रतिमाओं से तोड़फोड़ की घटना के बाद नगर में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
ये भी पढ़ेंः ‘कांग्रेस के जमाने में ग्वालियर विकास के लिए आंसू…’, विस्तार न्यूज के मंच पर क्या बोले लाल सिंह आर्य?
