Mauganj News: मऊगंज जिले में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते पांच दबंग युवकों ने दिनदहाड़े दो दोस्तों का अपहरण कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर बेरहमी से पीटा. अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों के बावजूद पीड़ित परिवार कार्रवाई के लिए थानों के चक्कर काटने को मजबूर है.
जानिए क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार खैरही निवासी अजीत पटेल (22) दोपहर करीब 2 बजे अपने मामा के घर महुगढ़ जा रहा था. इसी दौरान देवरा मंदिर के आगे दो बाइकों पर सवार पांच युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया. आरोप है कि बदमाश उसे जबरन उठाकर देवतालाब क्षेत्र स्थित जुड़मनिया बगीचा ले गए, जहां आम के पेड़ के नीचे चाकू और धारदार हथियार दिखाकर डंडों, लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की गई.
बदमाशों ने अजीत के दोस्त को भी पीटा
आरोपियों का आतंक यहीं नहीं थमा. उन्होंने अजीत के दोस्त करण शर्मा (18) निवासी पुरैनी को पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर फोन किया और मौके पर बुला लिया. जैसे ही करण वहां पहुंचा और हालात भांपकर भागने लगा, बदमाशों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया. आरोप है कि पहले उसे बगीचे में पीटा गया और बाद में पथरिया क्षेत्र के एक घर के बंद कमरे में ले जाकर बंधक बनाकर टॉर्चर किया गया.
ये भी पढ़ें-मुरैना में युवती ने डिप्टी कलेक्टर पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
लौर थाना से वापस भेज दिया गया
इसी बीच अजीत आरोपियों के चंगुल से भाग निकला और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. परिजन दोनों घायलों को लेकर नईगढ़ी थाना पहुंचे, लेकिन वहां से यह कहकर लौटा दिया गया कि मामला लौर थाना क्षेत्र का है. जब पीड़ित लौर थाना पहुंचे तो वहां से भी उन्हें वापस भेज दिया गया.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अपहरण और बंधक बनाकर मारपीट जैसे गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या क्षेत्राधिकार की बहस में न्याय दब रहा है या फिर आरोपियों को किसी प्रकार का संरक्षण प्राप्त है? फिलहाल पीड़ित परिवार ने मऊगंज पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है, जबकि घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है.
