संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में गूंजा विंध्य के रचित मिश्रा का संबोधन, विकसित भारत युवा संसद 2026 में किया MP का प्रतिनिधित्व

MP News: दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना "विकसित भारत युवा संसद 2026" के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में रीवा के युवा प्रतिभागी रचित मिश्रा ने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया.
Rachit Mishra

रचित मिश्रा ने किया विकसित भारत युवा संसद 2026 में MP का प्रतिनिधित्व

MP News: विकसित भारत युवा संसद 2026 के राष्ट्रीय मंच पर रीवा के रचित मिश्रा ने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया. दरअसल, दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना “विकसित भारत युवा संसद 2026” के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में रीवा के युवा प्रतिभागी रचित मिश्रा ने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में अपना प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किया. यह उपलब्धि न केवल रचित मिश्रा, बल्कि सम्पूर्ण विंध्य क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बनी.

विंध्य के इस युवा ने उस ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में अपने विचार रखे, जहां से भारत के प्रधानमंत्रियों, राष्ट्रनिर्माताओं और महान नेताओं ने देश को नई दिशा देने वाले विचार प्रस्तुत किए हैं.

नारी शक्ति पर रखा अपना पक्ष

अपने संबोधन में रचित मिश्रा ने “नारी शक्ति वंदन एवं विकसित भारत” विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति सदैव नारी शक्ति को सृजन, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला मानती रही है. उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के व्यक्तित्व और स्वराज के स्वप्न के पीछे राजमाता जीजाबाई के संस्कारों और दूरदृष्टि की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

वहीं, सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया और आधुनिक भारत में डॉ. ऋतु करिधाल जैसी वैज्ञानिकों ने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है.

महिलाओं की भूमिका बताई अहम

उन्होंने कहा, “नारी केवल समाज की सहभागी नहीं, बल्कि परिवर्तन और विकास की सबसे बड़ी प्रेरक शक्ति है. विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह राष्ट्र सदैव नारी शक्ति के नेतृत्व, संकल्प और योगदान से आगे बढ़ता रहेगा.”

साझा किया अपना अनुभव

इस अवसर पर रचित मिश्रा ने कहा, “मेरे जीवन के लिए यह एक अद्भुत और स्वप्न साकार होने जैसा अनुभव है. संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में खड़े होकर राष्ट्र की नीतियों और विकसित भारत के भविष्य पर अपने विचार रखने का अवसर मिलना मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है. वर्ष 2022 से निरंतर प्रयास करते हुए संसद भवन तक पहुंचना मेरे लिए एक सपने के साकार होने जैसा है.”

प्रधानमंत्री का जताया आभार

रचित मिश्रा ने विकसित भारत युवा संसद के आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “विकसित भारत युवा संसद प्रधानमंत्री की दूरदर्शी परिकल्पना का परिणाम है. उनके विजन ने देश के सामान्य से सामान्य युवा को भी अपनी प्रतिभा, विचार और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया है.

आज हम जैसे युवा संसद के इस सर्वोच्च मंच तक पहुंच पा रहे हैं, अपने विचार रख पा रहे हैं और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर पा रहे हैं, यह उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है.”

लोकसभा अध्यक्ष ने किया मार्गदर्शन

राष्ट्रीय स्तर की युवा संसद में भाग लेने पहुंचे प्रतिभागियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया तथा केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने किया.

युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत

रचित मिश्रा की यह उपलब्धि विंध्य क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, सतत प्रयास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण के बल पर युवा देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंचों तक अपनी आवाज पहुंचा सकते हैं.

ये भी पढे़ं- ‘लापता लेडीज’ फेम अभिनेता सतेंद्र सोनी ने मदद के लिए मैहर पुलिस का आभार जताया, रोते हुए शेयर किया था वीडियो

ज़रूर पढ़ें