Vistaar NEWS

रात में खाना खाकर सोया, सुबह नहीं खुली नींद, रीवा में 13 साल के सूर्यांश की मौत, हार्ट अटैक की आशंका

sanjay gandhi hospital rewa

संजय गांधी अस्पताल, रीवा

Rewa Boy Death Mystery: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. चोरहटा थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे 13 साल के सूर्यांश गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. डॉक्टर्स का कहना है कि मौत की वजह हार्ट अटैक है, तो वहीं परिजन इसे नकार रहे हैं और निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहे हैं.

रात में खाना खाकर सोया था सूर्यांश

सूर्यांश गुप्ता चोरहटा स्थित गुरुकुल प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था. सूर्यांश छठवीं कक्षा का छात्र था. जानकारी के मुताबिक, सोमवार (23 नवंबर) रात करीब 8:30 बजे हॉस्टल के सभी बच्चों को सोने के लिए भेज दिया गया था. सुबह जब हॉस्टल में बच्चों को उठाया गया, तो सूर्यांश नींद से नहीं उठा. सुबह 7 बजे तक सभी छात्र जाग गए थे.

डॉक्टर्स ने जांच के बाद मृत घोषित किया

पुलिस के मुताबिक सूर्यांश जब बहुत देर तक नहीं जागा तो उसे संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टर्स ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. वहीं, डॉक्टर्स का कहना है कि बच्चे के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं. प्रारंभिक जांच में किसी भी गंभीर बीमारी के लक्षण भी दिखाई नहीं दिए हैं. डॉक्टर्स ने संभावना व्यक्त की है कि मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट हो सकती है. मौत की असली वजह पोस्ट मार्टम सामने आने पर ही पता चलेगी.

परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

सूर्यांश के परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है. पिता विनोद गुप्ता का कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने उन्हें बच्चे की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई. बताया कि सूर्यांश को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन से किसी अच्छे हॉस्पिटल में ले जाने के लिए कहा था लेकिन उनकी ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया.

पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी. इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. स्कूल स्टाफ पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए.

Exit mobile version