Vistaar NEWS

‘मेहरिया वो है या तुम? वो गाली दे रही, तुम…’, रीवा कलेक्टर ने वेंडर को लगाई फटकार

Rewa Collector Narendra Suryavanshi reprimands RTO vendor

रीवा कलेक्टर ने आरटीओ के वेंडर को लगाई फटकार

MP News: रीवा में आरटीओ कार्यालय में वर्षों से चल रही अव्यवस्थाओं और अनधिकृत गतिविधियों पर आखिरकार प्रशासन का बड़ा एक्शन देखने को मिला. रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने औचक निरीक्षण कर परिसर में मौजूद अनधिकृत वेंडर्स पर सख्त कार्रवाई की और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए. इस दौरान कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने अनाधिकृत व्यक्तियों को जमकर फटकार लगाई और परिसर से बाहर कर दिया. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

दरअसल, रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी अचानक आरटीओ कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान परिसर में वर्षों से जमे अनधिकृत वेंडर्स और बाहरी लोगों की मौजूदगी पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई. उन्होंने मौके पर ही संबंधित लोगों को कड़ी फटकार लगाई और परिसर खाली कराने के निर्देश दिए. और जगह पर पार्किंग व्यवस्था बनाने की बात कही.

लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद पहुंचे थे कलेक्टर

जानकारी के अनुसार, आरटीओ कार्यालय में लंबे समय से अनधिकृत लोगों द्वारा पैसों की वसूली, दलाली और आम नागरिकों से अभद्र व्यवहार की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. महिलाओं के साथ अशोभनीय व्यवहार की शिकायतें भी प्रशासन तक पहुंच रही थीं. इन शिकायतों के आधार पर कलेक्टर ने औचक निरीक्षण किया.

ये भी पढ़ेंः रीवा में PCC सड़क का बंटवारा! दबंगों ने कब्जा कर 500 परिवारों का रोका रास्ता

कलेक्टर ने वेंडर को लगाई फटकार

जब कलेक्टर ने महिलाओं के साथ अशोभनीय व्यवहार को लेकर अनाधिकृत वेंडर को फटकार लगाई, तो वेंडर ने कहा कि सर ये महिलाएं गाली देती हैं. यह सुनते ही कलेक्टर भड़क गए और वेंडर को फटकार लगाते हुए कहा, ए चुप… मेहरिया वो हैं या तुम? यानी वो मर्द हो गईं और तुम मेहरिया हो गए. वो गाली दे रहीं हैं, तुम सुन रहे हो. ज्यादा फालतू बातें मत करो. कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे. कड़ी कार्रवाई करूंगा कि हमेशा याद रखोगे. इस घटना का वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है.

अनाधिकृत वेंडर को बाहर का रास्ता दिखाने के आदेश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आरटीओ परिसर में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए. उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने, आम लोगों को पारदर्शी और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने तथा भविष्य में ऐसी शिकायतें न आने सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. रीवा आरटीओ में कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई के बाद प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद कितना स्थायी बदलाव आएगा.

Exit mobile version