Barwani: ‘सड़क में गड्ढे या गड्ढे में सड़क’, 49 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क दुर्घटना को दे रही बुलावा
सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे
Barwani: पीडब्ल्यूडी द्वारा वर्ष 2023 में बड़वानी जिले के सिलावद नगर में पुलिस लाइन से सरस्वती शिशु मंदिर तक सीसी सड़क बनाई गई थी. लगभग 49 लाख रुपये की लागत से बनी 450 मीटर लंबी यह सड़क जगह-जगह से टूट गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोग पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की लापरवाही को इसका कारण बता रहे हैं. ग्रामीणों, जिनमें हीरा, मनोज और अमजद शामिल हैं, इनके अनुसार, सड़क निर्माण के बाद पहली बारिश में ही यह उखड़ने लगी थी.
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से कई बार किया संपर्क
उस समय ठेकेदार ने इसकी मरम्मत करवाई थी, लेकिन अब मरम्मत न होने के कारण सड़क पर गड्ढे हो गए हैं और गिट्टी बाहर निकल आई है. यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो जाएगी. स्थानीय निवासियों ने पीडब्ल्यूडी अधिकारी विजय पंवार और एसडीओ मंडलोई से कई बार संपर्क किया है. हालांकि, अधिकारियों द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और मामले को टालमटोल किया जा रहा है.
नहीं किया गया नालियों का निर्माण
नगरवासी अमित ने बताया कि इस मुख्य मार्ग पर सीसी रोड के निर्माण के दौरान सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण नहीं किया गया. इसके कारण घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर जमा होता है. इसके अतिरिक्त, सड़क से लगे बिजली के खंभे भी अब तक नहीं हटाए गए हैं, जिससे वाहनों के आवागमन के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है. रहवासी लंबे समय से नाली निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं है.
मामले की होगी जांच
पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि सड़क उखड़ी है तो वे इसकी जांच करवाएंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे. उन्होंने बताया कि उन्हें बड़वानी दौरे के दौरान इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली थी और उन्हें मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी मिली है. मंत्री ने कहा कि वे वास्तविकता जानने के लिए अधिकारियों से बात करेंगे.
ये भी पढ़ें: मऊगंज में सड़क के निर्माण में धांधली! अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप, घटिया निर्माण पर ग्रामीणों में आक्रोश