Chhatarpur News: सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है. अब छतरपुर के बक्सवाहा में शराब पीने से दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई है. दोनों ने अलग-अलग दुकानों से शराब खरीदी थी. एक को सागर और दूसरे को दमोह रेफर किया गया है. इस पूरे मामले से इलाके में हड़कंप मच गया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पहला मामला बंडा तहसील के ग्राम बरा में रहने वाले व्यक्ति है. जिसने बक्सवाहा के बम्हौरी से ‘8 PM’ नाम के ब्रांड की शराब खरीदी थी. इसे पीने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई, जिसे उपचार के लिए सागर रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि बम्हौरी में शराब खरीदने से पहले व्यक्ति ने बंडा में भी दारू पी थी.
वहीं, दूसरा मामला बक्सवाहा के ग्राम कुई में रहने वाले भरत यादव का है. उसने मैक्डोवैल्स ब्रांड की शराब खरीदकर पी थी. तबीयत बिगड़ने के बाद उसका प्राथमिक उपचार बक्सवाहा में किया गया जहां उसे राहत नहीं मिला. इसके बाद पीड़ित को दमोह रेफर कर दिया गया.
मामला संज्ञान में है – पुलिस
बक्सवाहा थाना प्रभारी प्रशांत सेन का कहना है कि दोनों ही मामले उनके संज्ञान में हैं. बम्हौरी वाले व्यक्ति ने बंडा में शराब पी थी इसलिए पूरे घटनाक्रम के बारे में बारीकी जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक भरत ने पहले भी सीने में दर्द होने की बात कही थी. दोनों मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें: ‘बंडा में मर गए कई जने..’ BJP नेता के बर्थडे पर जहरीली शराब कांड पर गाना, कई नामी चेहरे थे मौजूद
बक्सवाहा ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर सत्यम असाठी का कहना है कि प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सागर और दमोह अस्पताल में रेफर कर दिया गया है. किसी तरह का कोई रिस्क नहीं लिया गया है. दोनों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक कारणों का खुलासा होगा.
