Sagar News: सागर जिले के बंडा पुलिस थाने का प्रभारी आनंद सिंह ठाकुर को बनाया गया है. इनकी पहचान तेज-तर्रार अधिकारियों में होती है. इसके साथ ही छानबीला थाना प्रभारी विद्यानंद यादव को नियुक्त किया गया है. जहरीली शराब कांड के बाद जिला पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कार्रवाई करते हुए तत्कालीन बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा और गूगरा खुद प्रभारी पूरनलाल लाडिया को सस्पेंड कर दिया था.
कलेक्टर ने कार्रवाई करते हुए सोमवार (7 सितंबर 2026) को बंडा SDM आरती यादव को हटाकर सागर जिला कलेक्टर कार्यालय में तैनात कर दिया था. ये जिम्मेदारी अब संजय कुमार जैन को दी गई है. बंडा SDOP प्रदीप वाल्मीकि को भी पद से हटाकर भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में तैनात किया है. अब रोहित लखारे को ये जिम्मेदारी दी गई है.
नहीं बिकेगी ‘बाम्बे व्हिस्की और सागर गोल्ड’
जहरीली शराब कांड के बाद आबकारी विभाग की कार्रवाई जारी है. जिले की शराब दुकानों का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा. विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बाम्बे व्हिस्की और सागर गोल्ड ब्रांड की शराब की बिक्री नहीं होगी. इस पर रोक लगा दी गई. इसके साथ ही फैसला लिया गया है कि बिना लेवल लगी शराब की बिक्री पर रोक रहेगी. इसके साथ ही शराब की बोतलों पर लगे लेबल की जांच होगी. परमिट के लिए बैच नंबर और क्यूआर कोड की जांच की जाएगी.
ये भी पढ़ें: सागर के बाद दमोह में जहरीली शराब से हड़कंप! संदिग्ध मरीज मिलने से हरकत में आया प्रशासन
यूपी में बनी शराब पकड़ी गई
बीना में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. उत्तर प्रदेश में बनी दबंग 28 शराब के 13 टेट्रा पैक पकड़े गए हैं. आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा समेत 11 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं. आरोपी के खिलाफ आबकारी सहित आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज किए गए हैं.
