Sagar Sharab Kand: सागर में जहरीली शराब कांड में अब सरकार बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में आरोपियों के अवैध निर्माण और घरों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है. इस एक्शन के पहले पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. बुलडोजर की कार्रवाई आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत के घर की जा रही है. इसके बाद आरोपी आशीष साहू, मनीष लोधी के यहां की जा रही है.
पांच ठिकानों पर हुई कार्रवाई
जहरीली शराब कांड के सरगना चंद्रभान सिंह के साथ-साथ अशीष साहू और मनीष लोधी के अवैध निर्माणों पर गुरुवार (10 सितंबर) को बुलडोजर एक्शन हुआ. चंद्रभान राजपूत के वार्ड नंबर 12 स्थित आलीशान मकान और गोदाम पर कार्रवाई हुई. इसके साथ ही वार्ड नंबर 11 स्थित आशीष साहू के घर और वार्ड नंबर 12 के मनीष लोधी के मकान पर एक्शन लिया गया. सभी सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाए गए थे.
इस कार्रवाई के बारे में बंडा SDM संजय जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर कार्रवाई की गई है. अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाया गया है. तीन आरोपियों ने शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण किया था. इसके साथ ही नगर परिषद से कोई अनुमति नहीं ली गई थी, इसीलिए ये कार्रवाई की गई.
जहरीली शराब से 19 लोगों की मौत
सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 19 लोगाें की मौत हो गई थी. रविवार 6 सितंबर को शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ना शुरू हो गई. जिसके बाद पीड़ितों को सागर जिला अस्पताल, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और बंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
इस पूरे मामले में पुलिस ने अब तक 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. इसमें 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ततरवारा गांव का सरपंच चंद्रभान राजपुत भी शामिल है. वहीं इस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है.
सीएम मोहन यादव ने दिए थे सख्त निर्देश
सागर शराब कांड में मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएम मोहन यादव ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं. इसके साथ ही सागर संभाग के कमिश्नर और आईजी को बदल दिया गया. दिलीप कुमार को नया संभागायुक्त नियुक्त किया गया, तो वहीं इरशाद वली को सागर का नए आईजी के रूप में नियुक्त किया गया है.
मुख्यमंत्री ने मामले में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है.
ये भी पढे़ं- सागर जहरीली शराब कांड: CM मोहन यादव ने न्यायिक जांच के आदेश दिए, बदले गए कमिश्नर-आईजी
