Former MLA’s Viral Comment: मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों जिन नामों पर चर्चाएं हो रही हैं, उनमें से एक हैं विधायक निर्मला सप्रे. सागर जिले के बीना में रविवार (22 नवंबर) को संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय भवन का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित हुआ. इसमें सप्रे के अलावा राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल और पूर्व विधायक महेश राय समेत क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए. इस दौरान बीजेपी नेताओं के बीच हल्का-फुल्का मजाक हुआ. महेश राय ने बात-बात में सप्रे को ऐसी बात कह दी कि हंसी-ठहाके लग गए. अब ये पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
महेश राय ने निर्मला सप्रे को क्या कहा?
इस लोकार्पण कार्यक्रम में एक-दूसरे को मिठाई भी खिलाई गई. महेश राय ने निर्मला सप्रे को मिठाई खिलाते हुए कहा कि निर्मला, तुमने तो पूरी बीजेपी को शुगर कर दी है. उनके इस बयान से पूरा वातावरण हल्का हो गया. वहां मौजूद राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल भी हंसने लगे. इसके बाद बीना विधायक सप्रे ने भी महेश राय को मिठाई खिलाई. ये पूरा मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
आमंत्रण पर हुआ बवाल
जनपद अध्यक्ष उषा राय ने लोकार्पण कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र पर अपना नाम ना होने पर आपत्ति जताई है. कार्ड में सुधार किए बिना इसे बांट दिया गया. इसे लेकर उषा राय ने नाराजगी जताई है.
सप्रे को लेकर बीजेपी-कांग्रेस में खींचतान
दरअसल, निर्मला सप्रे बीना विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं. साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में जीती थीं. उनकी सदस्यता को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में खींचतान होती रही है. सप्रे अक्सर भारतीय जनता पार्टी के संगठन और दूसरे कार्यक्रमों में शामिल होती रही हैं. इसे देखते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उनकी सदस्यता रद्द करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के पास याचिका लगाई थी.
इस पर निर्णय ना आने पर मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा. उच्चतम न्यायालय ने स्पीकर को एक महीने के भीतर मामले में निर्णय लेने के लिए कहा है. जहां बीजेपी सप्रे को लेकर कहती नजर आती है कि वे अपनी स्वेच्छा से निर्णय ले रही हैं. वहीं, कांग्रेस का कहना है कि वे बीजेपी में शामिल हो गई हैं, उनकी सदस्यता रद्द होनी चाहिए.
