Vistaar NEWS

सागर में जहरीली शराब से कितनी मौतें? मंत्री ने बताए 19 मृतकों के नाम, पटवारी का 50 मौतों का दावा, आंकड़ों पर सियासत!

Sagar

सागर में जहरीली शराब से कितनी मौतें?

Sagar Liquor Tragedy: सागर में जहरीली शराब पीने से कितनी मौतें हुईं. इसको लेकर अभी भी संशय बना हुआ है. मध्य प्रदेश सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने 19 मृतकों के नाम गिनाते हुए उन्हें सहायता राशि देने की बात कही. वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 50 मौतों का दावा किया है. जबकि प्रशासन ने 16 मौतों की पुष्टि की है. फिलहाल, अभी भी आंकड़ों को लेकर सही जानकारी सामने नहीं आई है.

सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के आंकड़े को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं. पक्ष-विपक्ष और प्रशासन के आंकड़ों में काफी अंतर पाया गया है. जिसके बाद आंकड़ों पर ही सियासत शुरू हो गई है. जीतू पटवारी ने सही आंकड़े नहीं मिलने पर सरकार से गुजारिश की है कि वे सही आंकड़े जनता के सामने लाएं. इसके साथ ही जीतू पटवारी ने दावा किया है कि सागर में जहरीली शराब पीने से 50 लोगों की मौत हुई है.

मंत्री ने गिनाए 19 नाम

मंत्री प्रहलाद पटेल ने सागर शराब कांड की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की. इस दौरान उन्होंने 19 मृतकों की लिस्ट जारी करते हुए 4 लाख रुपए मुआवजा देने की बात कही है. मंत्री प्रहलाद पटेल के अनुसार, जहरीली शराब पीने से दिग्विजय लोधी, करतार सिंह लोधी, राजेन्द्र सिंह लोधी, कम्मू अहिरवार, चमन सिंह, उजायर सिंह, गोविंद उर्फ नीलेश, देश कुमार, भोपाली आदिवासी, अनाद रावत, कृष्ण कुमार लोधी, भगवान सिंह लोधी, सचिन उर्फ सत्येंद्र सिंह, राजकुमार, कैलाश, रौशन, हरनाम, गोविन्द और राम सिंह की मौत हुई है.

जीतू पटवारी का दावा- 50 से ज्यादा मौतें हुईं

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंत्री प्रहलाद पटेल के 19 मौतों की लिस्ट को लेकर कहा कि सरकार और प्रशासन के आंकड़ों में भी भ्रम और गहरा विरोधाभास सामने आ रहा है. सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल खुद 19 मृतकों के नाम सार्वजनिक करते हुए पीड़ित परिवारों को सहायता की जानकारी दी है. जबकि सागर प्रशासन कभी 13 तो कभी 15 मौतें बता रहा है. क्या मौतों का आंकड़ा कम दिखाकर व्यवस्था अपनी नाकामी छिपाना चाहती है? इस दौरान जीतू पटवारी ने दावा किया कि सागर शराब कांड में 50 से अधिक लोगों की मौत हुई है.

ये भी पढ़ेंः सागर शराब कांड के पीछे यूपी रैकेट का हाथ! कहां से हो रही थी सप्लाई? सामने आए कई नाम

फिलहाल, सागर में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है. सरकार, प्रशासन और विपक्ष के आंकड़े बिल्कुल भी मेल नहीं खाते हैं. असल में सागर में जहरीली शराब पीने से कितने लोगों की मौत हुई है. यह तो सरकार और प्रशासन ही तय करेगा.

Exit mobile version