MP News: बुरहानपुर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के भाई की संदिग्ध मौत, जानें पुलिस ने क्या कहा

MP News: सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई विश्वनाथ पाटिल उर्फ बाडु भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है.
MP's Brother, Vishwanath Patil

सांसद के भाई विश्वनाथ पाटिल

MP News: बुरहानपुर में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई विश्वनाथ पाटिल उर्फ बाडु भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. उनका शव घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत के कुएं में मिला, जिसके बाद से यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. फिलहाल पुलिस के पास इस मामले में कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है और जांच जारी है.

पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार

गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में विश्वनाथ पाटिल का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसे दो डॉक्टरों की विशेष टीम ने अंजाम दिया. पोस्टमार्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम बोहरडा ले जाया गया, जहां ताप्ती नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि दी.

कुएं में मिला था शव

बुधवार सुबह विश्वनाथ पाटिल का शव उनके घर से लगभग 500 मीटर दूर खेत के कुएं में मिला था. सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा छा गया.

घटना की जानकारी मिलते ही सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी दिल्ली से बुरहानपुर पहुंचे. परिवार में गहरा दुख होने के कारण अब तक पुलिस परिजनों के बयान दर्ज नहीं कर सकी है. लगातार लोग घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं.

पुलिस जांच में अब तक खाली हाथ

पुलिस के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सके. सीएसपी गौरव पाटिल ने बताया कि शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान के बाद ही जांच को आगे बढ़ाया जाएगा और वास्तविक कारण सामने आने की उम्मीद है.

ये भी पढे़ं- Bhopal: CM हाउस के पास फैली दहशत! बाइक सवार युवक घर के बाहर हवाई फायरिंग कर फरार, जानें पूरा मामला

ज़रूर पढ़ें