Dewas News: मध्य प्रदेश के देवास में अवैध शराब से हुई दो मौतों के मामले में सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है. सरकार ने जिला आबकारी अधिकारी बंसती भूरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. आबकारी आयुक्त मध्य प्रदेश ने निलंबन आदेश जारी किया है. देवास में 15 और 18 अक्टूबर को चंदाना-बिंजाना गांव में दो लोगों की मौत हुई थी. पुलिस जांच के दौरान गांवों में अवैध शराब की बिक्री का मामला सामने आया.
अवैध शराब बेचने के आरोप में 10 लाेगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. देवास कोतवाली में अपराध क्रमांक 768/2026, आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है. क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर नियंत्रण और अधीनस्थ अमले की निगरानी में लापरवाही का आरोप लगा है.
एसपी-कलेक्टर भी बदले
सरकार ने देवास जिले में एक और बड़ी कार्रवाई की है. मंगलवार को जिले के एसपी पुनीत गहलोत को पुलिस मुख्यालय में अटैच करके बालाघाट के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा को देवास जिले की जिम्मेदारी सौंपी है. साथ ही देवास कलेक्टर ऋतुराज की जगह नेहा मीना को देवास जिले की कमान दी गई है.
पुलिस ने 10 आरोपियों को पकड़ा
देवास में बीते दिनों में चंदाना और बिंजाना गांवों में 20 दिनों के अंदर 10 से ज्यादा लोगों की मौत का मामला सामने आया है. कांग्रेस और मृतकों के परिजनों को आरोप है कि अवैध शराब पीने से लोगों की मौत हुई है. हालांकि प्रशासन ने अवैध शराब से 2 लोगों की मौत की पुष्टि की है.
वहीं पुलिस ने अवैध शराब बैचने वाले मुख्य आरोपी विनोद जायसवाल के खिलाफ भी सख्त एक्शन लिया है. टीम ने दो वाइन शॉप मैनेजर, दो सेल्समैन समेत कुल 10 आरोपियों को पकड़ लिया है. बताया जा रहा है कि विनोद जायसवाल ही गांव में अवैध शराब की सप्लाई करता और बेचता था.
ये भी पढे़ं- सागर शराब कांड के बाद एक्शन, हटाए गए एसपी-कलेक्टर, देवास में भी SP-DM पर गिरी गाज
