Dewas Liquor Case: देवास शराब कांड में बड़ा एक्शन हुआ है. पुलिस ने कार्रवाई करते केमिकल व्यापारी अमन कासलीवाल को गिरफ्तार कर लिया है. अमन, कांग्रेस नेता और प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे हैं. सिटी कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना कोतवाली में दर्ज अपराध में पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपी अजय राठौर और उसके साथियों से पूछताछ के दौरान व्यापारी अमन कासलीवाल का नाम सामने आया था.
6000 रुपये की केमिकल की सप्लाई
जांच में पाया गया कि आरोपी अमन ने मात्र 6,000 रुपये लेकर शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला बेहद घातक केमिकल मैक्स सॉल्वेंट सप्लाई किया था. सबसे गंभीर बात यह है कि अमन ने यह केमिकल किसी व्यापारी, रिटेलर या होलसेलर को नहीं, बल्कि एक बेरोजगार युवक और अपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को बिना उसका बैकग्राउंड जाने सप्लाई कर दिया. यह केमिकल मानव जीवन के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है।
इसी लापरवाही और अपराध में सहयोग करने के कारण पुलिस ने आरोपी अमन कासलीवाल को इस पूरे अपराध में दुष्प्रेरण (Abetment) का आरोपी मानते हुए गिरफ्तार किया है. फिलहाल कोतवाली पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है. मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें: Dewas Liquor Case: AI से खोजा नकली शराब बनाने का तरीका, इंदौर से मंगाया केमिकल, आरोपियों का खुलासा
AI से सीखा था शराब बनाना
देवास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इससे पहले 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने शराब बनाने के लिए AI की मदद ली. इंदौर से केमिकल मंगवाया था. इसके साथ ही शराब को बेचने के लिए कबाड़ियों से बोतलें खरीदी थीं. नकली शराब को लाइसेंसी शराब के साथ मिक्स करके चंदाना-बिंदाना गांवों में सप्लाई की जाती थी. इस शराब को पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है. इस मामले में प्रशासनिक कार्रवाई भी हो चुकी है. कई अफसरों हटाया और तबादला किया जा चुका है.
