Vistaar NEWS

कन्या आदिम जाति कल्याण विभाग के गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, फूड पॉइजनिंग की आशंका

Representative image.

सांकेतिक तस्वीर.

Mandsaur News: मंदसौर के कन्या आदिम जाति कल्याण विभाग के गर्ल्स हॉस्टल में रविवार को कई छात्राओं की तबीयत एक साथ बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें शासकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया. सभी छात्राओं को उल्टी-दस्त की शिकायत थी. वहीं शुरुआती लक्षण देखते हुए डॉक्टर्स ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है.

खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

छात्राओं का कहना है कि रविवार को उन्होंने हॉस्टल में ही खाना खाया था. खाना खाते ही एक के बाद एक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. इलाज के बाद सभी छात्राओं की हालत सामान्य है. हालांकि डॉक्टर्स ने अभी तक फूड पॉइजनिंग की पुष्टि नहीं की है. डॉक्टर्स का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही तबीयत खराब होने के सही कारणों का पता लग पाएगा.

वहीं छात्राओं की तबीयत खराब होने की खबर लगते ही नायब तहसीलदार विनोद कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंच गए. जॉइंट कमिश्नर अनुराधा का कहना है कि जांच के आदेश दिए गए हैं. अगर लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी.

छात्रावास अधीक्षिका बोलीं- खाने के कारण तबीयत नहीं बिगड़ी

वहीं छात्रावास अधीक्षिका कृष्णा बोराना ने हॉस्टल के खाने के कारण तबीयत बिगड़ने की बात से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि हॉस्टल में पूरी साफ सफाई के साथ खाना बनाया जाता है. लड़कियों ने शायद बाहर का कोई सामान खाया होगा, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ी है. अगर हॉस्टल का खाना खराब होता तो सभी 35 छात्राओं की तबीयत बिगड़ती.

ये भी पढे़ं: कल से एमपी विधानसभा का मानसून सत्र, UCC पर होगी सबकी नजर, सेशन के हंगामेदार रहने के आसार

Exit mobile version