हेड कॉन्स्टेबल 50 हजार घूस लेते रंगेहाथों गिरफ्तार, कहा था- रिश्वत दो नहीं तो हथकड़ी में परेड करवाऊंगा; रतलाम में राजस्थान ACB की कार्रवाई
रतलाम में 50 हजार घूस लेते हेड कॉन्स्टेबल रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया है.
Input- अफसर खान
Ratlam News: रतलाम पुलिस का एक हेड कॉन्स्टेबल राजस्थान(ACB) एंटी करप्शन ब्यूरो के ट्रैप में फंस गया. शहर के थाना औद्योगिक क्षेत्र में तैनात हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई को भीलवाड़ा के एक होटल में 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए एसीबी ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान उसकी जेब से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई.
आरोपी से मारपीट नहीं करने के लिए मांगे थे एक लाख
राजस्थान (ACB ) के DSP डॉ. नरपत सिंह ने बताया कि जमीन की धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी के साथ मारपीट नहीं करने और जांच में सहयोग के नाम पर हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई ने एक लाख 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी. शिकायतकर्ता के अनुसार, 10 हजार रुपए पहले ही दिए जा चुके थे, जबकि दूसरी किस्त के 50 हजार रुपए लेने के लिए तपेश गोसाई भीलवाड़ा के एक होटल पहुंचा था.
50 हजार के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार
शिकायत मिलने पर राजस्थान एसीबी ने होटल के पास जाल बिछाया और सिग्नल मिलते ही कमरे में दबिश देकर उसे 50 हजार रुपए के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया. इस दौरान रतलाम पुलिस की टीम आरोपी को जांच के सिलसिले में भीलवाड़ा लेकर गई थी. आरोप है कि रिश्वत नहीं मिलने पर आरोपी को हथकड़ी पहनाकर शहर में घुमाने की धमकी भी दी गई थी.
वहीं, रतलाम के एएसपी विवेक कुमार ने कहा है कि मामले की जानकारी सोशल मीडिया और समाचारों के माध्यम से मिली है. भीलवाड़ा पुलिस से आधिकारिक सूचना मिलते ही संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं: ‘प्यार से समझा रहे, वरना जिस भाषा में समझते हो समझाएंगे…’ जलभराव की समस्या पर HC की ग्वालियर नगर निगम को फटकार