Vistaar NEWS

उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर की दिल्ली से पहुंची टीम ने की स्कैनिंग, 87 दिन बाद पुजारी की मौजूदगी में हुई जांच

Ujjain khade hanuman mandir

उज्जैन: खड़े हनुमान मंदिर

Ujjain Khade Hanuman Temple Scanning: उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमान एक बार फिर चर्चा में हैं. मंदिर के मुख्य ढांचे को हटाने के 87 दिन बाद स्कैनिंग की गई. पुजारी की मौजूदगी में दिल्ली से पहुंची टीम ने तकनीकी जांच की. रविवार (22 नवंबर) को सुबह 6 बजे प्रशासनिक टीम मंदिर पहुंची और प्रक्रिया पूरी की. भगवान हनुमान की मूर्ति के आसपास रखी सामग्री को हटवाया गया और लगभग आधे घंटे तक परिसर की जांच की गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम 29 सितंबर को मंदिर पहुंची थी. अब तक उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है.

30 अगस्त को शुरू हुई कार्रवाई

सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखकर गोपाल मंदिर से कंठाल चौराहे तक के करीब 450 मीटर लंबे रास्ते को 9 मीटर से 15 मीटर किया जाना है. इस रास्ते पर खड़े हनुमान का मंदिर है. सबसे पहले 30 अगस्त 2026 को मंदिर को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई. जिसे श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों के विरोध के बाद कार्रवाई को रोकना पड़ा. इसके बाद 1 सितंबर 2026 को फिर कार्रवाई शुरू की गई है. 16 घंटे में मंदिर के शिखर और अन्य हिस्सों को हटाया गया. मंदिर में स्थापित मूर्ति को टंकी चौक के पास स्थित मंदिर में स्थापित करना था.

खुदाई के बाद भी नहीं मिली मूर्ति की नींव

खड़े हनुमान के आसपास लगभग डेढ़ फीट तक खुदाई की गई. 5 से 7 सितंबर 2026 तक हुई कार्रवाई में प्रतिमा की नींव नहीं मिली. इसके बाद 8 सितंबर वैज्ञानिक जांच कराने का निर्णय लिया गया. इसी दौरान में खड़े हनुमान लोगों के बीच अटूट आस्था और श्रद्धा के केंद्र बन गए. हजारों की संख्या में भक्त पहुंचने लगे. एमपी के साथ-साथ देश भर से श्रद्धालु यहां पहुंचने लगे. साथ ही संत समाज ने भी मूर्ति को हटाने का विरोध किया.

15 सितंबर को इंदौर आईआईटी की टीम ने ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (GPR) तकनीक से रडार के नीचे की संरचना की जांच की. इसके निष्कर्ष अब तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. वहीं, 29 नवंबर को एक और टीम ने इस संबंध में जांच की थी. फिलहाल भगवान हनुमान की प्रतिमा टेंट के नीचे स्थापित है. इसकी तुलना अयोध्या के रामलला से की जा रही है.

Exit mobile version