Vistaar NEWS

उज्जैन ने गड्ढों की शिकायतों के निपटारे में बनाया रिकॉर्ड, MP में रहा नंबर-1, लोकपथ एप की 327 शिकायतें निपटाई

symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

Ujjain News: महाकाल की नगरी उज्जैन ने सड़कों की बदहाली दूर करने के मामले में प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है. सड़कों पर गड्ढों और खराब रास्तों को लेकर मिलने वाली ऑनलाइन शिकायतों के समाधान में उज्जैन जिला मध्य प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है. लोक निर्माण विभाग (PWD) ने लोकपथ एप के जरिए मिली सभी शिकायतों का समय सीमा के भीतर निराकरण कर यह उपलब्धि हासिल की है.

एक महीने में मिलीं 327 शिकायतें

पिछले महीने लोकपथ एप पर उज्जैन जिले से खराब सड़कों और गड्ढों से संबंधित कुल 327 शिकायतें दर्ज की गई थीं. PWD की विशेष टीम ने इन सभी शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करते हुए उनका समाधान कराया. शिकायतों के निपटारे के बाद संबंधित लोगों से ऑनलाइन फीडबैक भी लिया गया.

इंजीनियरों की सीधे तय की गई जवाबदेही

उज्जैन PWD के कार्यपालन यंत्री अजय यादव ने बताया कि एप पर आने वाली शिकायतों को बिना देरी संबंधित मैदानी इंजीनियरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है. साथ ही तय समय सीमा में शिकायत का समाधान कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों की तय की गई है. विभाग के मुताबिक, इस व्यवस्था के चलते शिकायतों के निराकरण में तेजी आई है.

फोटो और लोकेशन से दर्ज होगी शिकायत

आम नागरिक सड़क पर बने गड्ढे या खराब हिस्से की लाइव फोटो लोकपथ एप पर अपलोड कर सकते हैं. फोटो के साथ संबंधित स्थान की लोकेशन भी विभाग तक पहुंचती है. शिकायत दर्ज होते ही संबंधित क्षेत्र के इंजीनियर को इसकी जानकारी मिल जाती है, जिससे मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की जा सके.

सात दिन में करना होता है सुधार

शिकायतों के समाधान के लिए सामान्य तौर पर सात दिन की समय सीमा तय की गई है. संबंधित इंजीनियर को इस अवधि में गड्ढे या सड़क की खराबी को ठीक कराना होता है. काम पूरा होने के बाद अधिकारी को उसी स्थान की नई फोटो भी एप पर अपलोड करनी पड़ती है.

शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बाद बंद होगी शिकायत

मरम्मत का काम पूरा होने के बाद शिकायतकर्ता से ऑनलाइन फीडबैक लिया जाता है. उसकी संतुष्टि मिलने के बाद ही शिकायत को सिस्टम में बंद किया जाता है. इस व्यवस्था का उद्देश्य सड़क मरम्मत के काम में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना है.

ऐसे कर सकते हैं सड़क की शिकायत

विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास सड़क पर गड्ढा या कोई खराब हिस्सा नजर आने पर लोकपथ एप के जरिए उसकी लाइव फोटो और लोकेशन भेजकर शिकायत दर्ज करें. इससे समस्या सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचेगी और उसके समाधान की प्रक्रिया भी डिजिटल माध्यम से पूरी की जा सकेगी.

ये भी पढे़ं- MP Rail News: MP के यात्रियों की बल्ले-बल्ले, इन स्टेशनों पर रुकेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, टाइमटेबल जारी

Exit mobile version