MP में घरेलू गैस कनेक्शन पर ब्रेक, 70 हजार आवेदन अटके, महंगे सिलिंडर खरीदने को मजबूर परिवार

LPG Crisis: मार्च 2026 से नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया बंद है. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में करीब 70 हजार आवेदन लंबित पड़े हैं. हैरानी की बात यह है कि गैस कंपनियों ने कनेक्शन जारी करने वाले सॉफ्टवेयर से 14.2 किलो के घरेलू सिलिंडर का विकल्प भी हटा दिया है.
LPG Cylinder

एलपीजी गैस सिलेंडर

LPG Crisis: मध्य प्रदेश में नया घरेलू एलपीजी कनेक्शन लेने की उम्मीद लगाए हजारों परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मार्च 2026 से नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया बंद है. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में करीब 70 हजार आवेदन लंबित पड़े हैं. हैरानी की बात यह है कि गैस कंपनियों ने कनेक्शन जारी करने वाले सॉफ्टवेयर से 14.2 किलो के घरेलू सिलिंडर का विकल्प भी हटा दिया है. ऐसे में उपभोक्ता एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें कनेक्शन मिलने की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई जा रही है.

नए कनेक्शन के अभाव में बढ़ी परेशानी

नए कनेक्शन नहीं मिलने से उन परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जो पहली बार रसोई गैस का इस्तेमाल शुरू करना चाहते हैं. पहले लगभग 4 हजार रुपये में चूल्हा, रेगुलेटर और भरे सिलिंडर के साथ कनेक्शन मिल जाता था. अब लोगों को छोटे सिलिंडर या अन्य महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है.

भोपाल-इंदौर में 40 हजार आवेदन लंबित

भोपाल में इंडेन, एचपी और भारत गैस की 38 एजेंसियों पर करीब 20 हजार आवेदन लंबित हैं. रोजाना आठ से दस लोग कनेक्शन के संबंध में जानकारी लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन एजेंसी संचालक भी यह नहीं बता पा रहे कि नए कनेक्शन कब से मिलने लगेंगे.

इंदौर में भी लगभग 20 हजार आवेदन अटके हुए हैं. यहां छोटे सिलिंडर पर निर्भर उपभोक्ताओं को पांच किलो गैस की रिफिलिंग के लिए 500 से 700 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं. वहीं, 10 किलो के सिलिंडर का कनेक्शन लेने में करीब 4,800 रुपये लग रहे हैं. इसके मुकाबले नियमित घरेलू उपभोक्ताओं को 14.2 किलो का सिलिंडर लगभग 950 रुपये में मिल रहा है.

ग्वालियर-जबलपुर में भी हजारों परिवार प्रभावित

ग्वालियर और जबलपुर में भी स्थिति अलग नहीं है. ग्वालियर की करीब 40 गैस एजेंसियों पर 15 हजार और जबलपुर में भी लगभग 15 हजार आवेदन लंबित हैं. मौजूदा कनेक्शन वाले जिन उपभोक्ताओं ने 30 सितंबर तक ई-केवाईसी पूरी कर ली है, उनकी गैस आपूर्ति जारी है. हालांकि, नए कनेक्शन शुरू करने को लेकर अब तक स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं.

पीएनजी को बढ़ावा देने से जुड़ा मामला?

नए कनेक्शन पर रोक की वजह को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है. आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, हाल की बैठकों में प्रदेश में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का नेटवर्क बढ़ाने पर जोर दिए जाने की जानकारी सामने आई है. जिन इलाकों में पीएनजी की आपूर्ति शुरू हो चुकी है, वहां कुछ उपभोक्ता अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर भी कर रहे हैं. ऐसे में पीएनजी को बढ़ावा देने की नीति को नए कनेक्शन पर रोक की संभावित वजह माना जा रहा है.

अगले आदेश के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति

एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके गुप्ता के अनुसार, कंपनियों की ओर से फिलहाल नए घरेलू कनेक्शन जारी करने का आदेश नहीं आया है. हालांकि, 10 किलो वाले सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि मार्च से लागू रोक आगे भी जारी है और नए कनेक्शन कब शुरू होंगे, यह कंपनियों के अगले आदेश के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें