एमपी में शुरू होंगी नई बस सेवाएं, जुलाई से दौड़ेंगी ई-बसें, जानें मार्ग और शहर
शिवेंद्र कुशवाहा
एमपी में जुलाई से दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि मध्य प्रदेश को इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर और रीवा सहित सात परिवहन क्षेत्रों में बांटा गया है. पीएम ई-बस सेवा और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत सबसे पहले इंदौर क्षेत्र से होगी, जहां AICTSL पूरे इंदौर संभाग में बसों का संचालन करेगी. मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत जुलाई से इंदौर क्षेत्र में इंटरसिटी, सिटी और अंतर्राज्यीय मार्गों पर बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है.पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत जुलाई से इंदौर शहर में 150 इलेक्ट्रिक बसें भी सड़कों पर उतरेंगी. इंदौर से महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लिए अंतर्राज्यीय बस सेवा संचालित की जाएगी.प्रदेश में सातों क्षेत्रीय मुख्यालयों से जिला मुख्यालयों तक कुल 620 बस मार्ग चिन्हित किए गए हैं.इन मार्गों पर 2432 बसें चलेंगी, जिनमें इंदौर क्षेत्र के 121 मार्गों पर 608 बसों का संचालन होगा. बता दें कि इंदौर में 28 मार्गों पर पीएम ई-बस सेवा की 150 इलेक्ट्रिक बसों सहित कुल 784 बसों का संचालन होगा. इंदौर से चार राज्यों के लिए 101 अंतर्राज्यीय मार्ग तय किए गए हैं, जिन पर 276 बसें संचालित होंगी. इंदौर के इंटरसिटी, सिटी और अंतर्राज्यीय मिलाकर 250 मार्गों पर कुल 1688 बसें चलाने का प्रस्ताव है.इंदौर की तरह प्रदेश के दूसरे छह क्षेत्रीय मुख्यालयों से भी विभिन्न श्रेणियों की बसों का संचालन किया जाएगा. पूरे मध्य प्रदेश में 1164 मार्गों पर कुल 5206 बसें चलाने की तैयारी है.