CWG 2026: गोल्ड से एक कदम दूर नीरज चोपड़ा, जानें कब और कहां देखें जैवलिन थ्रो फाइनल मैच का LIVE
नीरज चोपड़ा (Photo-PTI)
Neeraj Chopra: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा कॉमवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने से बस एक कदम दूर हैं. क्वालीफिकेशन राउंड में उन्होंने 79.61 मीटर दूर भाला फेंककर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था. अब पूरे देश की नजरें उनके फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां उनसे गोल्ड की बड़ी उम्मीद है.
कब और कितने बजे होगा फाइनल?
कॉमवेल्थ गेम्स 2026 में जैवलिन थ्रो का फाइनल मुकाबला आज यानी 1 जुलाई को देर रात 12 बजकर 45 मिनट से शुरू होगा. जहां नीरज चोपड़ा के अलावा भारत के दो अन्य एथलीट रोहित यादव और यशवीर सिंह भी फाइनल में एक्शन में नजर आएंगे. इसके अलावा पाकिस्तान के अरशद नदीम भी इस मैच में नजर आएंगे जो नीरज चोपड़ा के लिए बड़ी चुनौती माने जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: CWG 2026: बॉक्सिंग में प्रीति पवार ने पक्का किया सिल्वर मेडल, फाइनल में बनाई जगह
कहां देखें LIVE?
भारत में कॉमवेल्थ गेम्स 2026 के सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लीव ऐप पर की जा रही है. ऐसे में फैंस ये फाइनल मैच भी इसी ऐप पर देख सकते हैं. इसके अलावा टीवी पर इन गेम्स का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स टेन 2, सोनी स्पोर्ट्स टेन 3 और सोनी स्पोर्ट्स टेन 4 पर उपलब्ध होगा. जहां दर्शक अलग-अलग भाषा में इस मैच का लुत्फ उठा सकते हैं.
8 साल बाद की वापसी
करीब आठ साल बाद नीरज चोपड़ा ने कॉमवेल्थ गेम्स में वापसी की है. इससे पहले 2018 में खेले गए कॉमवेल्थ गेम्स में नीरज ने जैवलिन थ्रो में भारत के लिए गोल्ड जीता था, लेकिन 2022 में चोट के चलते वह इन गेम्स में भाग नहीं ले पाए थे. अब 8 साल बाद वापसी करने के बाद नीरज की नजर एक और गोल्ड पर होगी.
हालांकि उनके लिए इस स्पर्धा में गोल्ड जितना आसान नहीं होगा. उनके सामने पाकिस्तान के अरशद नदीम की बड़ी चुनौती होगी, जिनके नाम कॉमवेल्थ गेम्स में रिकॉर्ड दर्ज है. बता दें, अरशद ने 2022 के खेलों में 90.18 मीटर दूर भाला फेंककर इतिहास रच दिया था.