FIFA WC 2026 में टूटा 68 साल पुराना रिकॉर्ड, 33 मैचों में ही पूरे हुए 100 गोल
फीफा वर्ल्ड कप 2026
FIFA WC 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और दुनियाभर के फुटबॉल प्रेमी अपनी नजरें हर मुकाबले पर टिकाए बैठे हैं. इस बीच टूर्नामेंट ने एक बड़ा इतिहास रच दिया है. गोलों की बारिश के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 68 साल पुराना रिकॉर्ड भी टूट गया है. टूर्नामेंट के पहले 33 मैचों में ही 100 गोल पूरे हो गए हैं. लगातार हाई-स्कोरिंग मुकाबलों ने इस वर्ल्ड कप को अब तक के सबसे रोमांचक संस्करणों में शामिल कर दिया है.
33 मैचों में पूरे हुए 100 गोल
दरअसल फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 20 जून को नीदरलैंड और स्वीडन के बीच खेले गए मुकाबले में टूर्नामेंट के 100 गोल पूरे हो गए हैं. इसी के साथ ये सबसे तेज 100 गोल वाला फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा एडिशन बन गया है. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के एडिशन में अब तक खेले गए 33 मैच में 100 गोल दाग दिए गए हैं.
A historic moment.
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 21, 2026
The 1000th #FIFAWorldCup match 🏟️ pic.twitter.com/PJq6KKP7nO
यह भी पढ़ें: FIFA WC 2026: पुर्तगाल के खिलाफ कांगो ने दिखाया दम, पहले मैच में गोल को तरसे Ronaldo
कब हुए थे सबसे तेज 100 गोल?
फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज 100 गोल 20 मैचों में दागे गए थे. यह कारनामा 1954 फीफा वर्ल्ड कप में देखने को मिला था. इसके बाद साल 2014 में ब्राजील में हुए इस टूर्नामेंट में 36 मैचों में 100 गोल दागे गए थे. इसके अलावा 1982 के फुटबॉल वर्ल्ड कप में भी 36 मैचों में 100 गोल पूरे हुए थे. साल 1978 में अर्जेंटीना में हुए फुटबॉल वर्ल्ड कप और 1994 में यूएसए में हुए इस वर्ल्ड कप में 38 मैचों में 100 गोल दागे गए थे. पिछले 68 सालों में इस सीजन 33 मैचों में 100 गोल सबसे अच्छा रिकॉर्ड है.
किस मैच में हुए अब तक सबसे ज्यादा गोल
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के 33 मैचों में 100 गोल का मतलब हर मैच में लगभग 3.09 गोल दागे गए होंगे. इन 100 गोलों में 7 ऐसे गोल भी शामिल हैं जिन्हें खिलाड़ियों ने अपने ही गोलपोस्ट में गोल दागे हैं. मौजूदा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल अभी तक जर्मनी और कुरासाओ के बीच हुए मुकाबले में हुए हैं. इस मैच में जर्मनी ने कुरासाओ को 7-1 से हराया था.