मुंबई इंडियंस पर विदेशी खिलाड़ी का बड़ा आरोप, नहीं दी आधी सैलरी, मचा बवाल
मिचेल सेंटनर
Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के खत्म होने के साथ ही एक बड़ा विवाद सामने आ गया है. बता दें, एक विदेशी खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. खिलाड़ी का दावा है कि आईपीएल 2026 सीजन के लिए मुंबई इंडियंस ने उनकी पूरी सैलरी नहीं दी है. ऐसे में आइए जानते है कौन हैं ये खिलाड़ी और क्या है पूरा मजरा…
किस खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस पर लगाए आरोप?
दरअसल हम जिस विदेशी खिलाड़ी की बात कर रहे हैं ये कोई और नहीं बल्कि न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर मिचेल सेंटनर हैं. कीवी ऑलराउंडर का दावा है कि चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद मुंबई इंडियंस की ओर से उनकी पूरी सैलरी नहीं दी गई है. सेंटनर का दावा है कि एमआई ने उन्हें आधी सैलरी दी है. बता दें, आईपीएल 2026 के लिए मुंबई ने मिचेल सेंटनर को 2 करोड़ रुपए में रिटेन किया था.
यह भी पढ़ें: ‘एक बिहारी सब पर भारी…’, विराट कोहली भी हुए वैभव सूर्यवंशी के मुरीद, VIDEO वायरल
चोट के चलते पूरे सीजन से हुए थे बाहर
आईपीएल 2026 के दौरान सेंटनर पर आरोप लगे थे कि वह चोट का बहाना करके न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम में शामिल हो गए हैं. अब कीवी खिलाड़ी ने इस मामले को लेकर खुलकर बात की है. ग्रेड क्रिकेटर पॉडकास्ट में बात करते हुए सेंटनर ने बताया कि अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण वह इस सीजन मुंबई का पहला मैच नहीं खेल पाए थे. इसके बाद दिल्ली के खिलाफ मैच के दौरान उनके दाएं कंधे पर चोट लग गई थी. फिर वापसी के बाद उनके बाएं कंधे में चोट लग गई थी, जिसके चलते वह सिर्फ 4 मैच खेलकर पूरे सीजन से बाहर हो गए थे.
सेंटनर का बड़ा दावा
पॉडकास्ट में बात करते हुए मिचेल सेंटनर ने बताया कि उनके दोनों कंधों में चोट लगी थी. उन्हें लगा कि वह टीम के लिए अपना शरीर दांव पर लगा रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं माना गया. साथ ही सेंटनर ने दावा करते हुए कहा कि मुंबई इंडियंस ने उन्हें 2 करोड़ रुपये की सैलरी का आधा हिस्सा ही दिया है.