ICC T20 Ranking: टॉप-10 गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह की एंट्री, जानें वरुण की क्या है रैंकिंग?
जसप्रीत बुमराह
ICC T20 Ranking: आईसीसी ने हाल ही में अपनी ताजा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग अपडेट कर दी है, जिसमें एक बार फिर भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम है. आईसीसी की ताजा रैंकिंग में भारतीय स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने लंबी छलांग लगते हुए टॉप-10 गेंदबाजों में जगह बना ली है.
ICC T20 Ranking में जसप्रीत बुमराह को इजाफा
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ घातक गेंदबाजी की थी. बुमराह ने इस मुकाबले में 4 ओवर में 3 विकेट झटके थे. इसी के साथ वह टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. अब इस दमदार प्रदर्शन का फायदा उन्हें आईसीसी रैंकिंग में मिला है. 7 स्थान की लंबी छलांग लगाकर वह अब 8वें नंबर के टी20 गेंदबाज बन गए हैं.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप इतिहास में श्रीलंका के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, 19 साल में पहली बार हुआ ऐसा
क्या है वरुण की रैंकिंग?
आईसीसी द्वारा अपडेट की गई ताजा रैंकिंग में स्पिन गेंदबाजों का बोलबाला है, भारतीय मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती 790 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज बने हुए हैं. वहीं, अफगानिस्तान के युवा स्पिनर राशिद खान 753 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर काबिज हैं. तीसरे नंबर पर 731 रेटिंग के साथ दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश बने हुए हैं.
चौथे स्थान पर इंग्लैंड के आदिल राशिद, जबकि पांचवें पायदान पर पाकिस्तान के अबरार अहमद हैं. दो रैंक की छलांग लगाकर ऑस्ट्रेलिया के एडम ज़म्पा छठे पायदान पर आ गए हैं. 23 स्थान की लंबी छलांग लगाकर वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड सातवीं रैंकिंग पर हैं, जबकि भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी लंबी छलांग लगाकर आठवें पायदान पर आ गए हैं. नौवें स्थान पर मुस्तफिजुर रहमान तो दसवें पर वानिन्दु हसरंगा काबिज हैं.