Vistaar NEWS

IND vs ENG: इंग्लैंड दौरे के लिए कब होगा भारतीय वनडे टीम का ऐलान? विराट कोहली की वापसी पर सामने आया बड़ा अपडेट

Team India

टीम इंडिया

IND vs ENG: भारतीय टीम को अगले महीने इंग्लैंड दौरे पर जाना है. जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. इस आगामी सीरीज के लिए टीम इंडिया का अभी तक ऐलान नहीं हुआ है. हाल ही में चयनकर्ताओं ने केवल 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम की घोषणा की थी, जबकि वनडे स्क्वॉड के चयन को टाल दिया था. अब इस मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक आने वाले दिनों में भारतीय वनडे टीम का ऐलान हो सकता है. इसी के साथ दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की वापसी को लेकर भी अपडेट मिली है.

कब होगा टीम इंडिया का ऐलान?

बता दें, भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 14 जुलाई से होगा. दोनों टीमों के बीच यह सीरीज 19 जुलाई तक खेली जाएगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम इंडिया की वनडे टीम का सेलेक्शन और ऐलान रविवार 21 जून तक किया जा सकता है. ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों के अंदर सेलेक्शन समिति की बैठक होगी, जिसमें इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड, इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच कर की धवन की बराबरी

क्या विराट कोहली करेंगे वापसी?

इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय फैंस के लिए विराट कोहली की फिटनेस को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर होने वाले विराट ने रिहैब शुरू कर दिया है और वे तेजी से रिकवर कर रहे हैं. वे जल्द ही बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे. अगर सब कुछ सही रहा तो वे इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में चुने जाएंगे. फिलहाल ऐसी संभावना है कि कोहली इंग्लैंड दौरे पर खेलेंगे.

पिछली वनडे सीरीज में कैसा रहा कोहली का प्रदर्शन?

भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अपनी पिछली वनडे सीरीज जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली थी. उस सीरीज में कोहली ने 80 की बेहतरीन औसत और 105.26 के स्ट्राइक रेट से 240 रन बनाए थे. इस सीरीज में वह टीम इंडिया की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे. आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला जमकर बोला था.

Exit mobile version