IND vs NZ Final: आईसीसी टूर्नामेंट में भारत- न्यूजीलैंड में किसका पलड़ा भारी, क्या कहते हैं आंकड़े?
भारत बनाम न्यूजीलैंड
IND vs NZ Final: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह हाई-वोल्टेज मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा, जहां दोनों टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी. आईसीसी टूर्नामेंट के बड़े मुकाबलों में भारत-न्यूजीलैंड की भिड़ंत हमेशा रोमांचक रही है. ऐसे में फाइनल मुकाबले से पहले दोनों टीमों के आंकड़ों पर नजर डाल लेते हैं.
ICC टूर्नामेंट में किसका पलड़ा भारी?
आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कई अहम मुकाबले खेले गए हैं. खासकर नॉकआउट मुकाबलों में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ बेहतर माना जाता है. दोनों टीमों के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2000 का फाइनल खेला गया था. इस खिताबी मुकाबले में कीवी टीम ने भारत को 4 विकेट से हराया था.
इसके अलावा 2019 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को 18 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. इसके अलावा 2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ Final: भारत-न्यूजीलैंड फाइनल में बारिश बनेगी विलेन? जानें 8 मार्च को कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम
टी20 वर्ल्ड कप में क्या कहतें हैं आंकड़ें?
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भी न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी है. इस टूर्नामेंट में दोनों टीमें करीब तीन बार आमने-सामने रहीं और तीनों बार भारत को हार का मुंह देखना पड़ा है. यहीं वजह है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले न्यूजीलैंड को भारत का कड़ा प्रतिद्वंदी माना जा रहा है.
चैंपियन ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भी हुई थी भिड़ंत
आईसीसी चैंपियन ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया था. जहां भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर चैंपियन ट्रॉफी का खिताब जीता था. आईसीसी टूर्नामेंट में अब तक दोनों टीमों के बीच तीन फाइनल मैच खेले गए हैं. जिसमें भारत ने 1 और न्यूजीलैंड ने 2 मैच जीते हैं.