IND vs NZ Final: भारत-न्यूजीलैंड फाइनल में बारिश बनेगी विलेन? जानें 8 मार्च को कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम

IND vs NZ Final: 8 मार्च को अहमदाबाद में बारिश होने की संभावना न के बराबर है. मौसम विभाग के मुताबिक फाइनल वाले दिन मौसम बिल्कुल साफ रहेगा.
IND vs NZ Final

भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल

IND vs NZ Final: टीम इंडिया चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है. सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाने वाली भारतीय टीम की टक्कर अब न्यूजीलैंड से होगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. टी20 वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी बार भारतीय टीम फाइनल में पहुंची है. ऐसे में फैंस के मन में एक ही सवाल है कि क्या खिताबी मुकाबले में बारिश का कोई साया है? आइए जानते है 8 मार्च को कैसा होगा अहमदाबाद का मौसम…

कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम?

फाइनल मुकाबले में दोनों टीमें अपना सबसे बेहतरीन खेल दिखाने के इरादे से मैदान में उतरेंगी, इसलिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम के खचाखच भरे रहने की उम्मीद जताई जा रही है. मौसम की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 8 मार्च को अहमदाबाद में बारिश होने की संभावना न के बराबर है. मौसम विभाग के मुताबिक फाइनल वाले दिन मौसम बिल्कुल साफ रहेगा.

यह भी पढ़ें: भारत के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने के बावजूद क्यों भड़के सुनील गावस्कर? बुमराह का नाम लेकर कही ये बात

कितने रहेगा तापमान?

भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच में बारिश का खतरा तो नहीं है, लेकिन गर्मी खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है. मैच वाले दिन अहमदाबाद का तापमान दिन में लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास तक पहुंच सकता है. वहीं, रात में यह तापमान थोड़ा कम होकर 23 डिग्री तक रहने की संभावना है. हालांकि मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, ऐसे में मैच के दौरान गर्मी का असर थोड़ा कम हो सकता है.

न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा है भारत का रिकॉर्ड?

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और न्यूजीलैंड की कुल 3 बार भिड़ंत हुई और तीनों बार भारत को हार का सामना करना पड़ा. 2007 वर्ल्ड कप में पहली बार दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था. जहां ग्रुप स्टेज मुकाबले में कीवी टीम ने भारत को 10 रन से हराया था. इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2016 में दोनों टीमें फिर आमने-सामने थी और इस दौरान भारत को 47 रन से हार का मुंह देखना पड़ा। तीसरी बार 2021 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच एक बार फिर टक्कर देखने को मिली, जहां भारत को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. भले ही आंकड़ों में न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी है, लेकिन खिताबी मुकाबले में भारत से उन्हें कड़ी टक्कर मिलेगी.

ज़रूर पढ़ें