IND vs SA: भारत के खिलाफ छक्कों के किंग बने डेविड मिलर, मैक्सवेल का रिकॉर्ड किया चकनाचूर
डेविड मिलर
IND vs SA: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए सुपर-8 मुकाबले में एक बार फिर ‘किलर मिलर’ का बल्ला जमकर गरजा है. इस मैच में डेविड मिलर ने भारतीय गेंदबाजों पर करारा हमला बोलते हुए छक्कों की झड़ी लगा दी और भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है. इसी के साथ उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
मिलर का काउंटर अटैक पड़ा भारी
इस मैच में मिलर ने अपनी पारी की शुरुआत थोड़ी संभलकर की, लेकिन सेट होते ही उन्होंने अपना गियर बदल दिया. स्पिन हो या तेज गेंदबाज, मिलर ने हर गेंदबाज को अपना निशाना बनाया और जबरदस्त बल्लेबाजी की. अपनी पारी में उन्होंने लंबे-लंबे छक्के जड़कर मैच का रुख पूरी तरह से दक्षिण अफ्रीका की ओर मोड़ दिया. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने भारतीय गेंदबाज बेबस नजर आए.
यह भी पढ़ें: IND vs SA: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जसप्रीत बुमराह का कहर, तोड़ा मलिंगा का रिकॉर्ड
मैक्सवेल का तोड़ा रिकॉर्ड
भारत के खिलाफ मिलर ने 63 रन की तूफानी पारी खेली, इस पारी के साथ उन्होंने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्कों का आंकड़ा पार कर लिया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के नाम था, जो भारत के खिलाफ अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. बता दें कि मिलर ने भारत के खिलाफ अब तक कुल 39 छक्के लगाए हैं. जबकि मैक्सवेल के नाम भारत के खिलाफ 38 छक्के दर्ज हैं.
जड़ा दूसरा सबसे तेज अर्धशतक
इस मैच में मिलर ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है. वो टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले साउथ अफ्रीका के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. इस मैच में उन्होंने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. हालांकि टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड लिटन दास के नाम है जिन्होंने 21 गेंद में यह कारनामा किया था.