IND vs PAK U19 WC: भारत ने पाकिस्तान को हराकर वर्ल्ड कप से किया बाहर, सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया
भारत ने पाकिस्तान को हराकर वर्ल्ड कप से किया बाहर
India vs Pakistan U19 WC 2026: बुलावायो में खेले जा रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है. भारत ने 253 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन पाकिस्तान की पूरी टीम 194 रनों पर ही सिमट गई.
इस वर्ल्ड कप में युवा भारतीय टीम की सेमीफाइनल में एंट्री उसी वक्त तय हो गई थी, जब पाकिस्तान की टीम 253 रनों के लक्ष्य को 33.4 ओवर में हासिल नहीं कर पाई थी. भारतीय टीम ने पाकिस्तान को न केवल सुपर सिक्स मुकाबले में मात दी, बल्कि उसे वर्ल्ड कप से बाहर का रास्ता भी दिखा दिया.
कप्तान आयुष ने गेंद से किया कमाल
कप्तान आयुष म्हात्रे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए, वहीं खिलन पटेल ने भी 3 विकेट लेकर पाकिस्तान को करारी मात देने में बड़ी भूमिका निभाई. पाकिस्तान की तरफ से उस्मान खान ने सबसे अधिक 66 रन और हमजा जहूर ने 42 रन बनाए. पाकिस्तान की टीम ने समीर मिन्हास का विकेट गंवाने के बाद 33.4 ओवरों में जीत दर्ज करने का इरादा ही छोड़ दिया था, लेकिन भारतीय टीम ने उन्हें 50 ओवरों में भी जीत दर्ज करने का कोई मौक़ा नहीं दिया. अब सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला अफगानिस्तान से होगा.
वेदांत त्रिवेदी ने बनाए सबसे अधिक रन
इसके पहले, भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 252 रन बनाए थे. भारत की तरफ से वेदांत त्रिवेदी ने सर्वाधिक 68 रन बनाए. वहीं वैभव सूर्यवंशी (30), अम्बरीश (29) और कनिष्क चौहान (35) ने उपयोगी पारियों की बदौलत एक धीमे विकेट पर अच्छे स्कोर तक पहुंचाया था. पाकिस्तान की तरफ से अब्दुल सुभान ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए.
ये भी पढे़ं: टी-20 वर्ल्डकप में भारत के साथ मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान, शहबाज सरकार का बड़ा ऐलान