श्रीलंका को हराकर WTC में भारत को मिला जबरदस्त फायदा, बदला फाइनल का समीकरण
टीम इंडिया
WTC 2025-27: गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान श्रीलंका को 165 रनों से हरा दिया है. इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. टीम इंडिया को इस सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 23 अगस्त को खेलना है. श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में मिली जीत का फायदा भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में भी हुआ है.
WTC 2025-27 पॉइंट्स टेबल में भारत को हुआ फायदा
श्रीलंका के खिलाफ गॉल में मिली इस जीत का फायदा भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 पॉइंट्स टेबल में भी हुआ है. इस जीत के बाद भारत का अंक प्रतिशत 48.15 से बढ़कर 53.33 हो गया है. बता दें, गॉल टेस्ट में जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया 10 मैचों में 5 जीत, 4 हार और 1 ड्रॉ के साथ 64 अंक के साथ पांचवें पायदान पर बनी हुई है. वहीं, भारत से हार झेलने वाली श्रीलंका की टीम 5 मैचों में केवल 1 जीत के बाद 20 अंकों और 33.33% के साथ छठे पायदान पर खिसक गई है.
Victory in Galle boosts India's #WTC27 prospects 👊
— ICC (@ICC) August 19, 2026
More ➡️ https://t.co/Ag5irO9kgu pic.twitter.com/B0b6e3EMNB
यह भी पढ़ें: SL vs IND 1st Test: गॉल टेस्ट में मानव सुथार ने मचाई तबाही, 10 विकेट लेकर भारत को दिलाई शानदार जीत
टॉप पर ऑस्ट्रेलिया
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की ताजा रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया 9 मैचों में 7 जीत और 84 अंकों के साथ 77.77% पीसीटी लेकर टॉप पर बनी हुई है. वहीं, डिफेंडिंग चैंपियन साउथ अफ्रीका 4 मैचों में 3 जीत हासिल कर 75.00% पीसीटी और 36 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है. इसके अलावा 6 मैचों में 4 जीत और 52 अंकों के साथ 72.22% पीसीटी लेकर न्यूजीलैंड तीसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि बांग्लादेश 5 मैचों में 3 जीत के साथ 28 अंकों और 66.67% पीसीटी के साथ चौथे नंबर पर है.
श्रीलंका के बाद न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रेलिया से भिड़ंत
भारतीय टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के SSC मैदान पर खेला जाएगा. इसके बाद भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जबकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की इस साइकिल का अंत अगले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से होगा. अगर भारत को WTC के फाइनल में पहुंचना है तो उन्हें हर हाल में ये सभी मैच जीतने होंगे.