T20I में भारत ने रचा इतिहास, पावरप्ले में बनाया सबसे बड़ा स्कोर, 6 ओवर में कूट दिए 118 रन
टीम इंडिया
Highest T20I Powerplay Score: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए तीसरे टी20 मैच में अपने बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत टी20 क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया है. टीम इंडिया ने इस मैच में पावरप्ले में यानी शुरुआती 6 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 118 रन बनाकर इतिहास रच दिया है. टी20 क्रिकेट में यह किसी भी फूल मेंबर टीम द्वारा पावरप्ले में बनाया गया सबसे बड़ा टोटल बन गया है.
भारत ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
वेलिंग्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पावरप्ले में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए दो वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. भारत ने इस मुकाबले में 5 ओवर में ही 100 रनों का आंकड़ा छू लिया था. इसी के साथ टीम इंडिया एक टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे तेज टीम सेंचुरी जड़ने वाली टीम बन गई है. सबसे तेज 100 रन बनाने के मामले में भारत ने रोमानिया का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसने 2021 में सर्बिया के खिलाफ 5.2 ओवर में 100 रन का स्कोर पूरा किया था.
One word to describe that entertaining powerplay 👇 #TeamIndia | #NZvIND https://t.co/tFETXy2XVM
— BCCI (@BCCI) October 27, 2026
पावरप्ले में बनाया सबसे बड़ा स्कोर
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में भारतीय टीम ने बिना किसी नुकसान के शुरुआती 6 ओवर में 118 रन बनाकर इतिहास रच दिया है. मेंस टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ये किसी भी टीम द्वारा पावरप्ले में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज था, जिसने 2024 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 1 विकेट खोकर 113 रन बनाए थे.
पहले ओवर में भारत ने लूटे 26 रन
इस मुकाबले में भारत ने पहले ही ओवर में 26 रन लूट लिए थे. न्यूजीलैंड की ओर से पहला ओवर लेकर आए तेज गेनबदाज जैकब डफी ने अपने इस ओवर में 26 रन खर्च कर दिए. डफी के इस ओवर में 1 नो बॉल और 5 वाइड शामिल थी. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह भारत द्वारा पहले ओवर में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं.