252 पर 8 विकेट, फिर मनल-मोहित ने पलट दी हारी हुई बाजी, भारत को दिलाई पाक पर रिकॉर्ड जीत
मनल चौहान और मोहित उल्वा
India Record Win: भारत और पाकिस्तान के बीच कोई क्रिकेट मुकाबला हो और रोमांच देखने को न मिले, ऐसा बहुत कम ही बार देखने को मिलता है. अंडर 19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां एक समय भारतीय टीम हार की कगार पर खड़ी थी. लेकिन फिर मनल चौहान और मोहित उल्वा की शानदार साझेदारी ने मैच का रुख पलट दिया और भारत को आखिरी गेंद पर यादगार जीत दिलाई.
मनल-मोहित की मैच जिताऊ साझेदारी
खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 338 रनों का विशाल टारगेट दिया. जवाब में भारतीय टीम ने 252 रनों के स्कोर पर 8 विकेट गंवा दिए थे. अब टीम को जीत के लिए 48 गेंदों में 86 रन की जरूरत थी. भारत के लगातार विकेट गिर रहे थे और पाकिस्तान का पलड़ा भारी नजर या रहा था. ऐसे मुश्किल वक्त में मनल चौहान और मोहित उल्वा की जोड़ी ने मोर्चा संभाला और भारत की जीत की नींव रखी. इन दोनों बल्लेबाजों ने दबाव में शानदार खेल दिखाया और न सिर्फ भारत की बिखरी पारी को संभाला, बल्कि जीत की उम्मीद भी जिंदा रखी. इन दोनों बल्लेबाजों ने 9वें विकेट के लिए 57 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की थी.
🚨 THE WINNING MOMENT FOR INDIA. 🚨 Mohit Ulva & Manal Chauhan. WOW 🔥ABSOLUTELY Unbelievable CHASE – A historic victory for India over Pakistan. 🇮🇳 #INDvPAK #INDu19vPAKu19 #indvspaku19 #ManalChauhan https://t.co/pkzMA9BT6L
— Sea_winter (@Kotajitu1994) November 14, 2026
आखिरी ओवर तक पहुंचा मुकाबला
मनल चौहान और मोहित उल्वा ने दबाव में आक्रामक बल्लेबाजी की और महज 35 गेंदों में 57 रनों की साझेदारी की. इस दौरान पारी के 44वें ओवर में दोनों ने मिलकर 19 रन और अगले ओवर में 13 रन बटोरे, जिससे मैच पूरी तरह भारत के कब्जे में आ गया. इस दौरान मनल ने 47 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. 48वें ओवर में 309 के टीम स्कोर पर वह आउट हो गए. मनल के आउट होने के बाद मोहित ने शानदार खेल दिलाया और मुकाबले को आखिरी ओवर तक पहुंचाया. नौवां विकेट गिरने के बाद मोहित ने अंतिम बल्लेबाज के साथ मिलकर 16 गेंदों पर 30 रन जोड़े.
भारत ने जीता खिताब
पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में मोहित उल्वा ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. आखिरी गेंद पर मोहित ने चौका जड़कर भारत को यादगार दिलाई. इसी के साथ भारत ने 9वीं बार अंडर 19 एशिया कप का खिताब जीत लिया है. इस शानदार प्रदर्शन के लिए मोहित को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.



