MS Dhoni के पड़ोसी बनेंगे Ishan Kishan, रांची में कैप्टन कूल के घर के पास बनेगी आलीशान बिल्डिंग
ईशान किशन
Ishan Kishan: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. बता दें, ईशान जल्द ही पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं. झारखंड की राजधानी रांची में ईशान का नया आलीशान प्रोजेक्ट तैयार होने वाला है. रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण ने उनके भवन के नक्शे को मंजूरी दे दी है. खास बात यह है कि ईशान का यह प्रोजेक्ट धोनी के घर से सिर्फ 300 मीटर दूरी पर बनाया जाएगा.
RRDA ने दी मंजूरी
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईशान किशन ने रांची के नगड़ी अंचल स्थित दलादली क्षेत्र में यह जमीन बहुत पहले खरीद ली थी. अब इस जमीन पर बहुमंजिला लग्जरी बिल्डिंग बनने की तैयारी शुरू हो गई है. रिपॉर्ट्स के मुताबिक रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी भी मिल गई है. किशन का यह आलीशान घर 10 मंजिला होगा. मिली जानकारी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट के दो फ्लोर बिजनेस गतिविधियों के लिए होंगे, जबकि 8 फ्लोर में फ्लैट बनाए जाएंगे.
ईशान किशन का है यह ड्रीम प्रोजेक्ट
भारतीय स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के पिता प्रणव कुमार पांडे ने बताया कि यह प्रोजेक्ट ईशान का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसे आधुनिक तरीके से विकसित किया जाएगा. ईशान के पिता के मुताबिक जल्द ही इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य चालू होगा. ईशान के इस ड्रीम प्रोजेक्ट में स्विमिंग पूल, प्ले ग्राउंड, इंडोर गेम्स एरिया, जिम, कम्युनिटी हॉल, गार्डन, मेडिकल स्टोर जैसी सुविधाएं होंगी. इसके अलावा बिल्डिंग के फ्रंट लुक को अट्रैक्टिव बनाने के लिए सामने का सेटबैक भी ज्यादा रखा गया है.
2022 में हुआ भूमि पूजन
ईशान किशन ने दिसंबर 2022 में इस इस जमीन पर भूमि पूजन किया था. इस दौरान उन्होंने ‘शगुन ईशान इंफ्रा’ नाम से एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की शुरुआत की थी. इसी कंपनी के जरिए उनके इस आलीशान प्रोजेक्ट को विकसित किया जा रहा है. भूमि पूजन के समय से ही चर्चा तेज हो गई थी कि ईशान अब धोनी के पड़ोसी बनेंगे.