रोहित-कोहली को 2027 वर्ल्ड कप में मौका मिलना चाहिए? MS Dhoni का जवाब हो गया वायरल
एमएस धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली
MS Dhoni On Rohi-Virat: 7 फरवरी से भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप खेला जाना है. भारत इस फॉर्मैट में डिफेंडिंग चैंपियन है और कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया खिताब बचाने उतरेगी. इस वर्ल्ड के साथ ही फैंस का ध्यान 2027 के वर्ल्ड कप पर भी है और उनके जेहन में एक ही सवाल है कि क्या 2027 के वनडे वर्ल्ड कप की भारतीय टीम में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) को मिलेगी या नहीं? भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) से जब ये सवाल किया गया तो उनका जवाब सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है.
उम्र टीम में चयन का पैमाना नहीं- धोनी
दरअसल, धोनी से एक प्रोग्राम के दौरान पूछा गया कि क्या रोहित-कोहली को 2027 वर्ल्ड कप में मौका मिलना चाहिए? इस पर धोनी ने कहा, “क्यों नहीं…”, धोनी ने अपनी बात रखते हुए बताया कि टीम में सिलेक्शन का पैमाना क्या होना चाहिए. धोनी ने कहा, “मेरे मुताबिक उम्र कोई पैमाना नहीं है, हां..प्रदर्शन और फिटनेस पैमाना जरूर है. मुझे लगता है कि किसी को कुछ भी बोलने की जरूरत नहीं है. लेकिन एक चीज स्पष्ट है कि सभी के साथ समान व्यवहार होना चाहिए.”
आपको अनुभवी लोग कैसे मिलेंगे?- माही
भारतीय टीम को तीन आईसीसी टूर्नामेंट्स में जीत दिलाने वाले पूर्व कप्तान ने कहा, “निश्चित तौर पर उम्र पैमाना नहीं होना चाहिए. अगर आप 22 साल के हैं और फिट नहीं है तो फिर आप उस लायक नहीं हैं. अगर कोई 30 साल का हो गया है, तो हम ये तय नहीं कर सकते हैं कि वे खेलेंगे या नहीं… ये उनको तय करना होगा. अगर वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और देश के लिए अच्छा करने का चाह रखते हैं तो क्यों नहीं खेलना चाहिए. फिर आपको अनुभवी लोग कैसे मिलेंगे. आप 20 साल के खिलाड़ी से वो उम्मीद नहीं कर सकते हैं, अगर वो सचिन तेंदुलकर नहीं है तो…अगर कोई परफॉर्म कर रहा है तो टीम में रहेगा… वरना नहीं.”
VIRAT & ROHIT FUTURE IN 2027 WORLD CUP (MS DHONI 🗣️)
— SHAKTI 🌼 (@trueictfan_07) February 4, 2026
Age shouldn't be the criteria
Performance & fitness should be the matter
They have played enough cricket to decide what they have to do
Each and every player should be treated equallypic.twitter.com/1whGEwUTML
गरजा है रोहित-कोहली का बल्ला
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में रोहित ने शानदार बल्लेबाजी की थी. वहीं कोहली ने तीसरे मुकाबले में 74 रन की पारी खेली थी. कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में दो शतक और एक अर्ध शतक जड़ा था. इसके अलावा न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में भी कोहली का बल्ला जमकर बोला था.
इसी तरह, रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में रन बनाए थे. दोनों खिलाड़ियों ने विजय हजारे ट्रॉफी में भी शतक जड़ा था. ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें वर्ल्ड कप के लिए टीम में शामिल न करने का फैसला आसान नहीं होगा. हालांकि, अभी वर्ल्ड कप में एक साल से अधिक का वक्त है लेकिन दोनों खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर अक्सर ही बातें होती रहती हैं.